Ghaziabad: गाजियाबाद पुलिस ने 555 मोबाइल बरामद कर मालिकों को लौटाए, कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये

Ghaziabad: गाजियाबाद पुलिस ने 555 मोबाइल बरामद कर मालिकों को लौटाए, कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये
रिपोर्ट: अजीत कुमार
गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट के नगर जोन में सर्विलांस टीम और विभिन्न थानों की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस ने मोबाइल चोरी, स्नैचिंग और खोए हुए फोन से जुड़ी शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए अलग-अलग कंपनियों के कुल 555 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर की गई। नगर जोन के अलग-अलग थानों में दर्ज मोबाइल चोरी, स्नैचिंग और खोए हुए फोन की शिकायतों पर पुलिस टीम ने गंभीरता से काम करते हुए सर्विलांस और मैनुअल इनपुट की मदद से इन मोबाइल फोन को ट्रेस किया।
मोबाइल बरामद करने के लिए पुलिस की सर्विलांस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। इसके बाद अलग-अलग स्थानों से मोबाइल फोन रिकवर किए गए और उनके वास्तविक मालिकों की पहचान कर उन्हें वापस सौंप दिया गया।
गाजियाबाद पुलिस की इस कार्रवाई से उन लोगों को बड़ी राहत मिली है जिनके मोबाइल फोन चोरी या गुम हो गए थे। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त केशव चौधरी ने बताया कि भविष्य में भी मोबाइल चोरी और स्नैचिंग की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस इसी तरह तकनीकी और खुफिया इनपुट के आधार पर अभियान चलाती रहेगी।




