Veer Bal Diwas: वीर बाल दिवस पर साहिबज़ादों के अद्वितीय बलिदान को नमन, करतारपुर साहिब कॉरिडोर आस्था और शांति का प्रतीक: हर्ष मल्होत्रा

Veer Bal Diwas: वीर बाल दिवस पर साहिबज़ादों के अद्वितीय बलिदान को नमन, करतारपुर साहिब कॉरिडोर आस्था और शांति का प्रतीक: हर्ष मल्होत्रा

रिपोर्ट: रवि डालमिया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा घोषित वीर बाल दिवस ने सिख इतिहास के अमर बलिदान को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है। इसी क्रम में दिल्ली के शाहदरा में भाजपा द्वारा वीर बाल दिवस के अवसर पर दशम गुरु साहिब श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के साहिबज़ादों के सर्वोच्च त्याग और अद्वितीय साहस को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया। भाजपा शाहदरा ज़िला द्वारा अटल भवन विज्ञानलोक में आयोजित कार्यक्रम में इतिहास की सबसे निर्भीक शहादत को नमन करते हुए बताया गया कि बाबा जोरावर सिंह जी मात्र 9 वर्ष और बाबा फतेह सिंह जी मात्र 7 वर्ष की आयु में मुग़ल अत्याचार के सामने झुकने से इंकार करते हुए धर्म और आस्था की रक्षा के लिए वीरगति को प्राप्त हुए।

इन बाल वीरों का बलिदान आज भी मानवता, साहस और आत्मसम्मान की अनुपम मिसाल है। इस अवसर पर भारत सरकार में केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने वर्ष 2021 में 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस घोषित कर साहिबज़ादों के बलिदान को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर सम्मान दिलाया। यह निर्णय युवा पीढ़ी को साहस, धर्मनिष्ठा, न्याय और आत्मगौरव के मूल्यों से जोड़ने की ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में सिख इतिहास, परंपरा और आस्था के संरक्षण के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं, जिनमें वीर बाल दिवस की राष्ट्रीय घोषणा, श्री गुरु तेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश पर्व का भव्य आयोजन, सिख गुरुओं की शिक्षाओं को शिक्षा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जोड़ना तथा ऐतिहासिक गुरुद्वारों और सिख विरासत स्थलों का संरक्षण शामिल है।

हर्ष मल्होत्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की ऐतिहासिक और संवेदनशील पहल करतारपुर साहिब कॉरिडोर को आस्था और शांति का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह कॉरिडोर सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी की अंतिम विश्राम स्थली गुरुद्वारा दरबार साहिब करतारपुर को भारत के श्रद्धालुओं से जोड़ता है। 9 नवंबर 2019 को उद्घाटित यह कॉरिडोर बिना वीज़ा दर्शन की सुविधा देकर करोड़ों सिख श्रद्धालुओं की दशकों पुरानी भावना को साकार करता है और सीमाओं से ऊपर उठकर भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के उस वक्तव्य को भी स्मरण किया जिसमें कहा गया था कि करतारपुर साहिब कॉरिडोर केवल एक मार्ग नहीं बल्कि मानवता, करुणा और गुरु नानक देव जी के संदेशों का जीवंत स्वरूप है। कार्यक्रम में भाजपा शाहदरा ज़िला अध्यक्ष दीपक गाबा ने कहा कि सिख समाज सदैव राष्ट्रवाद, सेवा और देश रक्षा में अग्रणी रहा है और वीर बाल दिवस हमें त्याग, बलिदान और राष्ट्रभक्ति के मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है।

भाजपा दिल्ली प्रदेश मंत्री सरदार बलबीर सिंह ने कहा कि वीर बाल दिवस केवल स्मरण का दिन नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों को साहस, सत्य और धर्म की रक्षा के लिए प्रेरित करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि साहिबज़ादों का बलिदान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सिख समाज के सम्मान के लिए किए गए कार्य भारत की सांस्कृतिक एकता और आध्यात्मिक विरासत को सशक्त करते हैं। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा, सरदार बलबीर सिंह, दीपक गाबा, ज़िला प्रभारी डॉ अनिल गुप्ता, ज़िला प्रवक्ता एडवोकेट भारत गौड़, निगम पार्षद प्रीति, दशमेश पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य सरिता सक्सेना, रविंदर कौर, ऋचा कौर, कार्यक्रम संयोजक पूनम अरोड़ा, सरदार चरणपाल सिंह, परमजीत कौर सहित सैकड़ों की संख्या में सिख समाज के लोग उपस्थित रहे और प्रसाद स्वरूप गर्म दूध का लंगर भी लगाया गया।

 

‘कोटा फैक्ट्री’ सीजन 3: जितेंद्र कुमार की दमदार ड्रामा नेटफ्लिक्स पर आएगी, रिलीज डेट सामने आई

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img