दिल्ली

Delhi Court Connectivity: वकीलों की सुविधा के लिए कोर्ट कनेक्टिविटी बस सेवा शुरू, पांच नई बसों को दिखाई गई हरी झंडी

Delhi Court Connectivity: वकीलों की सुविधा के लिए कोर्ट कनेक्टिविटी बस सेवा शुरू, पांच नई बसों को दिखाई गई हरी झंडी

रिपोर्ट: रवि डालमिया

दिल्ली में विभिन्न अदालतों में प्रैक्टिस करने वाले वकीलों की रोजमर्रा की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने एक अहम पहल की है। वकीलों की एक कोर्ट से दूसरे कोर्ट तक आसान और समयबद्ध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए कोर्ट कनेक्टिविटी बस सेवा की शुरुआत की गई है। इस योजना के तहत फिलहाल पांच नई बसों को लॉन्च किया गया है, जिन्हें कैबिनेट मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

डॉ. पंकज सिंह ने कहा कि दिल्ली में प्रैक्टिस करने वाले वकीलों को अक्सर कड़कड़डूमा कोर्ट, तीस हजारी कोर्ट, पटियाला हाउस कोर्ट, दिल्ली हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में एक ही दिन में पेशियों के लिए जाना पड़ता है। सार्वजनिक परिवहन की सीमित सुविधा, ट्रैफिक और समय की कमी के चलते वकीलों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। इस नई बस सेवा से वकीलों का समय बचेगा और उन्हें बड़ी राहत मिलेगी।

शुरुआती चरण में कड़कड़डूमा कोर्ट से तीस हजारी कोर्ट, सुप्रीम कोर्ट, पटियाला हाउस कोर्ट और दिल्ली हाईकोर्ट के लिए बस सेवाएं शुरू की गई हैं। इसके अलावा कड़कड़डूमा कोर्ट से रोहिणी कोर्ट को जोड़ने वाला एक अतिरिक्त रूट भी शामिल किया गया है। बसों का संचालन कोर्ट की टाइमिंग को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा, ताकि वकील समय पर अपनी पेशियों में पहुंच सकें।

वकीलों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से इस तरह की सुविधा की मांग की जा रही थी। नई बस सेवा से न केवल यात्रा आसान होगी, बल्कि ट्रैफिक जाम और पार्किंग की समस्या से भी राहत मिलेगी। इससे वकीलों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और अदालतों में समय पर उपस्थिति सुनिश्चित हो सकेगी।

सरकार ने यह भी संकेत दिए हैं कि भविष्य में वकीलों की संख्या और जरूरत को देखते हुए इस योजना का विस्तार किया जाएगा। आने वाले समय में और बसें तथा नए रूट जोड़े जाएंगे, ताकि दिल्ली की सभी प्रमुख अदालतों के बीच बेहतर और सुगम कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जा सके। यह पहल वकीलों के दैनिक कार्य को सरल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

मलाइका अरोड़ा ने अर्जुन कपूर के साथ ब्रेकअप की खबरों के बीच अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक रहस्यमयी पोस्ट शेयर की, कहा ‘हममें से हर किसी के पास सिर्फ़…’

Related Articles

Back to top button