Noida: फोनरवा ने सीएम को पत्र लिखा, इंजीनियर युवराज मेहता की मौत पर सख्त कार्रवाई की मांग

Noida: फोनरवा ने सीएम को पत्र लिखा, इंजीनियर युवराज मेहता की मौत पर सख्त कार्रवाई की मांग
नोएडा, 22 जनवरी 2026: फेडरेशन ऑफ़ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (फोनरवा) ने प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इंजीनियर युवराज मेहता की दुखद और असामयिक मृत्यु के मामले में त्वरित और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फोनरवा ने साथ ही एसआईटी जांच के आदेश दिए जाने की सराहना भी की।
फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा ने बताया कि नोएडा शहर यमुना के खादर क्षेत्र में स्थित है, जहां जमीन की सतह से लगभग पांच फीट नीचे ही उच्च गुणवत्ता वाली रेत निकलने लगती है। इस रेत को भूमाफिया बिल्डरों और प्राधिकरण के गठजोड़ के जरिए ऊंची कीमत पर बेचा जाता है। इसके कारण कई जगह गहरे गड्ढे बने रह जाते हैं। बारिश और सीवर के पानी से ये गड्ढे जलभराव वाले खतरनाक स्थान बन जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है।
फोनरवा महासचिव केके जैन ने कहा कि सेक्टर-150 सहित पूरे नोएडा में सड़क किनारे मौजूद गड्ढों और जलभराव वाले स्थानों की तत्काल पहचान कर उन्हें सुरक्षित किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि इन खतरनाक स्थानों पर तुरंत सुरक्षा उपाय लागू किए जाएं, ताकि आम जनता और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
फोनरवा ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि युवराज मेहता की मौत की पूरी जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए नगर में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।





