आरटीई के तहत आवंटित सीटों पर दाखिला नहीं दे रहे हैं निजी स्कूल

अमर सैनी

नोएडा। शिक्षा के अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत शिक्षा विभाग द्वारा आवंटित किए गए सीटों पर निजी स्कूल के प्रबंधक दाखिला करने से आनाकानी कर रहे हैं। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार पिछले सत्र में 5,558 छात्रों को निजी स्कूलों में सीट आवंटित हुई। स्कूलों की मनमानी की वजह से सिर्फ 3,840 छात्रों को ही दाखिला मिला पाया हो। जबकि कॉपी, बैग खरीदने के लिए मिलने वाली पांच हजार रुपये की योजना का लाभ सिर्फ 2,400 छात्रों को ही मिला। हाल ही में छात्रों के अकाउंट में पैसे ट्रांसफर किए गए हैं। जबकि अन्य छात्र अभी भी पैसा आने का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि इस बार शिक्षा विभाग का दावा है कि चारों चरण के बाद दाखिला लेने वाले सभी छात्रों को पांच-पांच हजार रुपये सत्र खत्म होने के बाद मिलेंगे।
निजी स्कूलों में आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए 25 प्रतिशत सीटें आरक्षित होती हैं। जिले में करीब 1200 स्कूलों में 16,516 सीटें आरक्षित हैं। हालांकि इस सत्र में पिछले वर्ष की तुलना में आरक्षित सीटों का आंकड़ा थोड़ा कम हो गया है। इसके पीछे शिक्षा विभाग कुछ स्कूलों का बंद होना बता रहा है।
छात्रों को कॉपी, पेंसिल, बैग समेत जरूरी चीजें खरीदने के लिए पांच-पांच हजार रुपये मिले हैं। इसके साथ ही, इन छात्रों की फीस सरकार की ओर से स्कूलों को दी जाती है। इसके बावजूद भी स्कूल आरटीई के तहत स्कूल आवंटित होने वाले छात्रों को दाखिला देने में आनाकानी करते हैं। इस बार पहले चरण में 2563, दूसरे चरण में 1561 और तीसरे चरण में 602 छात्रों को सीट आवंटित की गई है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार ने बताया कि दाखिला लेने वाले सभी छात्रों को पांच-पांच हजार रुपये मिलते हैं। पिछले सत्र के 2400 छात्रों को इसका लाभ मिला। इस सत्र में दाखिला लेने वाले सभी छात्रों को लाभ दिया जाएगा।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img