Hapur News : हापुड़ के थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में दिल्ली लखनऊ हाईवे पर गांव सरूरपुर के पास स्थित सीएनजी पंप पर बुधवार शाम सर्टिफिकेट मांगने को लेकर हंगामा हो गया। सीएनजी सिलेंडर का हाइड्रो टेस्ट सर्टिफिकेट मांगने पर एक कार चालक ने अपने परिचितों को बुलाकर पंप कर्मचारियों पर हमला कर दिया। इस हमले में सुपरवाइजर मनीष और कर्मचारी दीपेंद्र घायल हो गए। घटना का वीडियो गुरुवार सुबह करीब 10 बजे सोशल मीडिया पर सामने आया है।
पुलिस के अनुसार यह घटना बुधवार शाम करीब 5 बजे की है। पंप मैनेजर काशिफ ने बताया कि बैठ गांव का एक युवक कार में गैस भरवाने आया था। कर्मचारियों ने जब सिलेंडर का सर्टिफिकेट मांगा तो वह बहस करने लगा। विवाद बढ़ने पर चालक ने फोन कर अपने परिचितों को बुला लिया और पंप परिसर में लाठी डंडों से कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि सर्टिफिकेट को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया है।


