Hapur News : हापुड़ के मोहल्ला भीम नगर भंडापट्टी निवासी सुनील उर्फ गोलू (22) बुधवार रात रामलीला मैदान में मेला देखकर लौट रहा था। गढ़ रोड स्थित देवनंदिनी अस्पताल के पास एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। वह लहूलुहान हालत में शराब के ठेके के पास पड़ा मिला। परिजनों को रात करीब 12 बजे सूचना मिली। उसे पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते मेरठ मेडिकल रेफर कर दिया गया। बृहस्पतिवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के बाद बृहस्पतिवार देर शाम शव हापुड़ पहुंचा तो परिजनों ने जानबूझकर टक्कर मारकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए गढ़ रोड फ्लाईओवर पर शव रखकर जाम लगा दिया। परिजनों ने शराब का ठेका बंद कराने की भी मांग की। सूचना पर तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और करीब 40 मिनट तक समझाने के बाद जाम खुलवाया। इस दौरान वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सीओ दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और यदि जानबूझकर घटना करना पाया गया तो संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।


