Gwalior Bengaluru Express Train: ग्वालियर से बेंगलुरु तक सीधी साप्ताहिक ट्रेन सेवा शुरू, मध्य प्रदेश को ऐतिहासिक ₹14,745 करोड़ का रेल बजट

Gwalior Bengaluru Express Train: ग्वालियर से बेंगलुरु तक सीधी साप्ताहिक ट्रेन सेवा शुरू, मध्य प्रदेश को ऐतिहासिक ₹14,745 करोड़ का रेल बजट

रिपोर्ट: अभिषेक ब्याहुत

रेल मंत्रालय ने ग्वालियर से सर एम. विश्वेश्वरैया टर्मिनल, बेंगलुरु के लिए सीधी साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया है, जिससे मध्य प्रदेश, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के यात्रियों को अब एक नई और सुलभ कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। इस नई ट्रेन सेवा का उद्घाटन केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने रेल भवन, नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और वरिष्ठ जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।

रेल मंत्री ने अपने संबोधन में बताया कि ग्वालियर, गुना, भोपाल जैसे शहरों से बड़ी संख्या में यात्री बेंगलुरु की ओर यात्रा करते हैं और यह ट्रेन उनके लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। यह साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन शुक्रवार दोपहर 3 बजे ग्वालियर से चलकर रविवार सुबह 7:35 बजे बेंगलुरु पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन रविवार शाम 3:50 बजे बेंगलुरु से रवाना होकर मंगलवार सुबह 10:25 बजे ग्वालियर लौटेगी। ट्रेन का संचालन गाड़ी संख्या 11086/11085 के तहत किया जाएगा।

इस ट्रेन का मार्ग शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, बीना, भोपाल, बैतूल, नागपुर, सेवाग्राम, चंद्रपुर, बल्लारशाह, सिरपुर कागजनगर, काजीपेट, काचेगुड़ा, महबूबनगर, गडवाल, कुरनूल सिटी, ढोन, अनंतपुर, धर्मावरम, हिंदूपुर और येलहांका से होकर गुजरेगा। ट्रेन में कुल 22 एलएचबी कोच होंगे, जिनमें सेकंड सिटिंग, एसी थर्ड, एसी थर्ड इकोनॉमी, एसी सेकंड और स्लीपर कोच शामिल हैं।

मध्य प्रदेश को ₹14,745 करोड़ का ऐतिहासिक रेल बजट

रेल मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश को इस वर्ष ₹14,745 करोड़ का विशाल रेल बजट आवंटित किया गया है, जो बीते वर्षों की तुलना में कई गुना अधिक है। एक दशक पहले यह बजट केवल ₹600 करोड़ हुआ करता था। बीते 11 वर्षों में राज्य में 2,651 किमी नई पटरियाँ बिछाई गई हैं, जो डेनमार्क जैसे देश के कुल रेलवे नेटवर्क से भी अधिक है। राज्य में रेलवे नेटवर्क का 100% विद्युतीकरण पूरा कर लिया गया है, जिससे ट्रेनों की गति और दक्षता में वृद्धि होगी।

₹24,000 करोड़ की रेल परियोजनाओं को स्वीकृति

रेल मंत्री ने जानकारी दी कि बीते वर्ष में मध्य प्रदेश में ₹24,000 करोड़ की रेल परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है, जिनमें मनमाड–इंदौर नई रेललाइन (309 किमी), भुसावल–खंडवा तीसरी व चौथी लाइन, मानिकपुर–प्रयागराज तीसरी लाइन और रतलाम–नागदा तीसरी व चौथी लाइन शामिल हैं। ये परियोजनाएं प्रदेश के रेलवे मानचित्र को पूरी तरह से बदल देंगी।

ग्वालियर और आगरा के बीच एक नई यात्री ट्रेन सेवा शुरू करने की भी योजना है। उज्जैन रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के लिए मास्टर प्लान तैयार कर लिया गया है, जिस पर सिंहस्थ महाकुंभ के बाद कार्य शुरू किया जाएगा। इंदौर और आसपास के अन्य स्टेशनों पर भी तीव्र गति से विकास कार्य जारी हैं।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img