Agra: आगरा में मंडी निरीक्षक पर आलू माफियाओं का हमला, बाल-बाल बचे अधिकारी

Agra: आगरा में मंडी निरीक्षक पर आलू माफियाओं का हमला, बाल-बाल बचे अधिकारी

रिपोर्ट: आकाश जैन

आगरा जिले में आलू माफियाओं का दुस्साहस इस कदर बढ़ गया है कि उन्होंने मंडी शुल्क से बचने के लिए अब सरकारी अधिकारियों पर हमला करना शुरू कर दिया है। सोमवार शाम को मंडी निरीक्षक दीपचंद गुप्ता, जो मंडी समिति के सचल दल में तैनात हैं, पर उस वक्त जानलेवा हमला किया गया जब वे आलू से लदी एक संदिग्ध ट्रक का पीछा कर रहे थे।

आगरा जिले में आलू की पैदावार काफी अधिक होती है, जिसके चलते यहां आलू का व्यापार भी बड़े पैमाने पर होता है। नियमानुसार, जिले से बाहर आलू की खेप ले जाने वाली गाड़ियों को मंडी शुल्क देना होता है। लेकिन कुछ माफिया तत्व इस शुल्क को बचाने के लिए चोरी-छिपे गाड़ियों को जिले की सीमा पार करवा देते हैं।

कल शाम को मंडी निरीक्षक दीपचंद गुप्ता को सूचना मिली कि एक ट्रक बिना मंडी शुल्क चुकाए आगरा से बाहर जाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने तुरंत ट्रक का पीछा शुरू किया, लेकिन ट्रक चालक ने वाहन रोकने के बजाय मंडी निरीक्षक की गाड़ी को कुचलने की कोशिश की। कई किलोमीटर तक पीछा करने के बाद आखिरकार ट्रक को पकड़ लिया गया और उसे अछनेरा मंडी में सीज कर दिया गया।

लेकिन मामला यहीं नहीं रुका। जब दीपचंद गुप्ता अपनी टीम के साथ गल्ला मंडी लौट रहे थे, तभी कुछ अज्ञात लोगों ने उनका पीछा किया और रास्ते में उन पर हमला कर दिया। हमलावरों का इरादा जानलेवा था, लेकिन किसी तरह दीपचंद ने अपनी जान बचाई और मामले की जानकारी तुरंत पुलिस को दी।

पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और मंडी समिति ने भी इस हमले की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन का कहना है कि मंडी शुल्क चोरी करने वालों और सरकारी अधिकारियों पर हमले करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img