Noida: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आपातकालीन परिस्थितियों के लिए मॉक ड्रिल का सफलतापूर्वक आयोजन
रिपोर्ट: अमर सैनी
पाकिस्तान में आतंकियों के ठिकाने नष्ट किए जाने के लिए चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर के बाद नोएडा जिले में बड़े पैमाने पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस मॉक ड्रिल का आयोजन नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर किया गया, जिसका उद्देश्य आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए संबंधित विभागों की तैयारियों और समन्वय की दक्षता का परीक्षण करना था। मॉक ड्रिल में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, आपदा प्रबंधन टीम, यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA), विद्युत विभाग, और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने भाग लिया। इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया और समन्वय के स्तर को परखना और नागरिकों को जागरूक करना था। मॉक ड्रिल की शुरुआत ब्रीफिंग के साथ की गई, जिसमें सभी टीमों को अपनी-अपनी जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी गई। इसके बाद, एक काल्पनिक आपदा की स्थिति तैयार की गई और निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार उसे निपटने का अभ्यास किया गया।
इस मॉक ड्रिल के दौरान एयरपोर्ट और उसके आसपास के गांवों जैसे किशोरपुर, बनवारीवास, नगला जहानू, कुरैब, दयानतपुर, साबोता, रन्हैरा, और नगला भावला में ब्लैक आउट किया गया। इन गांवों और एयरपोर्ट के सभी प्रकार की लाइट को बंद कर दिया गया, ताकि आपातकालीन स्थिति में बिजली आपूर्ति की रुकावट को संभालने की प्रक्रिया का परीक्षण किया जा सके।
अपर पुलिस उपायुक्त एयरपोर्ट श्री मनीष कुमार मिश्र ने बताया कि आपदाओं की पूर्व तैयारी ही जान-माल की हानि को न्यूनतम कर सकती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की मॉक ड्रिल नागरिकों में सतर्कता और जागरूकता लाने का एक सशक्त माध्यम है। मॉक ड्रिल के पश्चात सभी प्रतिभागियों द्वारा प्रतिक्रिया साझा की गई और भविष्य के लिए आवश्यक सुधार बिंदुओं पर चर्चा की गई, ताकि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से बेहतर तरीके से निपटा जा सके।


