Delhi: पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में गांधीनगर बाजार बंद, व्यापारियों का पैदल मार्च
रिपोर्ट: रवि डालमिया
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के खिलाफ देशभर में आक्रोश है। दिल्ली के एशिया के सबसे बड़े रेडीमेड कपड़ा बाजार गांधीनगर में व्यापारियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया और पैदल मार्च निकाला। इस हमले में 26 निर्दोष सैलानियों की मौत के बाद व्यापारियों ने सरकार से आतंकियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। गांधीनगर में व्यापारियों का कहना है कि इस वीभत्स हमले के खिलाफ देश को एकजुट होकर आतंकवाद के सफाए के लिए कड़ा कदम उठाना होगा। विरोध स्वरूप पूरा गांधीनगर बाजार बंद रहा, जहां सामान्य दिनों में भारी भीड़ होती है, वहां आज वीरानी छाई रही।
व्यापारी संघ की ओर से जारी बयान में कहा गया कि आतंकियों द्वारा किए गए कायराना हमले में मारे गए पर्यटकों के लिए न्याय की मांग और आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता दिखाना ही इस बंद और विरोध का उद्देश्य है। व्यापारियों ने साफ कहा कि वे तन-मन-धन से सरकार के साथ हैं और आतंक के खिलाफ सख्त ऐक्शन चाहते हैं। गौरतलब है कि प्रदर्शन के दौरान हजारों व्यापारी सड़क पर उतरे, उन्होंने काली पट्टियां बांधकर शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराया और सरकार से अपील की कि अब सिर्फ निंदा नहीं, ठोस कार्रवाई की जरूरत है।



