उत्तर प्रदेश, नोएडा: गौर सौंदर्यम में फ्लैटों की रजिस्ट्री के लिए प्रदर्शन

अजीत कुमार
उत्तर प्रदेश, नोएडा।गौर सौंदर्यम सोसाइटी के निवासियों ने रविवार को बिल्डर की लापरवाही के खिलाफ प्रदर्शन किया। निवासियों ने अपने फ्लैट की लंबित रजिस्ट्री की समस्या को लेकर नाराजगी जाहिर की। लोगों का आरोप है कि करीब 250 घर खरीदार अपने फ्लैट की रजिस्ट्री के लिए दर-दर भटक रहे हैं। प्राधिकरण से मांग करने पर भी अब तक इस मुद्दे पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। सोसाइटी के निवासी अनिल कुमार, संदीप गुप्ता और सौरव ने बताया कि परिसर में करीब 2,200 फ्लैट बने हुए हैं। इनमें ज्यादातर में लोग रहते हैं। बिल्डर ने शुरुआत में ज्यादातर फ्लैट की रजिस्ट्री कर दी थी, लेकिन बिल्डर प्रबंधन का किसानों से आपसी विवाद के चलते 450 फ्लैट की रजिस्ट्री रुक गई। यह कई वर्ष बाद 2024 में लोकसभा चुनाव से पहले शुरू की गई। इस दौरान करीब 125 फ्लैट की रजिस्ट्री हुई, परंतु उसके बाद सभी लोगों की रजिस्ट्री की प्रक्रिया रूक गई। इसे दोबारा से शुरू नहीं किया जा रहा। ऐसे में लोगों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। निवासियों ने कहा कि हमें अमिताभ कांत समिति की सिफारिशों के लागू होने के बाद काफी उम्मीदें थीं, लेकिन इसके लागू होने के बावजूद समस्याएं बनी हुई है। सोसाइटी के निवासी रितेश ने बताया कि 2021 में अपने घर का कब्जा मिल गया था, लेकिन अब तक फ्लैट की रजिस्ट्री नहीं हुई। स्टांप शुल्क और बिल्डर को पूरी रकम का भुगतान कर दिया है, इसके बावजूद रजिस्ट्री के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। इसके अलावा प्राधिकरण बिना रजिस्ट्री हुए फ्लैट्स पर तीन हजार प्रति माह का जुर्माना लगा रहा है। निवासियों का कहना है कि रजिस्ट्री में हो रही देरी बिल्डर और प्राधिकरण के बीच लंबित भुगतान मुद्दों के कारण है। लोग अब मुख्यमंत्री से अपील कर रहे हैं कि वे इस मामले में हस्तक्षेप करें और उन्हें राहत प्रदान करें। घर खरीदारों ने कहा कि उनकी सभी वित्तीय जिम्मेदारियां पूरी करने के बावजूद, उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है, जिससे उन्हें गंभीर वित्तीय और मानसिक तनाव हो रहा है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img