आईसीजी के परमेश शिवमणि ने संभाला डीजी का पदभार

नई दिल्ली, 15 अक्तूबर : राष्ट्रपति तटरक्षक पदक से सम्मानित परमेश शिवमणि को भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) के 26वें महानिदेशक के रूप में पदोन्नत किया गया है। उन्होंने मंगलवार को अपना पदभार नई दिल्ली स्थित मुख्यालय में ग्रहण किया। यह जानकारी रक्षा मंत्रालय की ओर से मंगलवार को दी गई।

दरअसल, समुद्री क्षेत्र में लंबे समय से कार्यरत परमेश शिवमणि को लगभग साढ़े तीन दशक से अधिक का अनुभव प्राप्त है। वह, तटवर्ती और जलमग्न नियुक्तियों में विभिन्न पदों पर कार्य कर चुके हैं। उन्हें नेविगेशन और डायरेक्शन में महारत हासिल हैं। उनकी समुद्री कमान में भारतीय तटरक्षक बल के सभी प्रमुख जहाजों के साथ उन्नत अपतटीय गश्ती पोत समर और अपतटीय गश्ती पोत विश्वस्त भी काम कर चुके हैं।

राष्ट्रीय रक्षा कॉलेज, नई दिल्ली और रक्षा सेवा स्टाफ कॉलेज, वेलिंगटन के पूर्व छात्र और फ्लैग ऑफिसर परमेश शिवमणि, तटरक्षक क्षेत्र (पूर्व), तटरक्षक क्षेत्र (पश्चिम), तटरक्षक कमांडर (पूर्वी समुद्र तट) के शीर्ष पद पर कार्य कर चुके हैं। गौरतलब है कि बीते अगस्त माह के दौरान आईसीजी के तत्कालीन महानिदेशक राकेश पाल की हार्ट अटैक से चेन्नई के एक अस्पताल में आकस्मिक मृत्यु के बाद हो गई थी। इसके बाद परमेश शिवमणि को अगस्त 2024 में ही महानिदेशक तटरक्षक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया था।

इस अवधि के दौरान, कई महत्वपूर्ण ऑपरेशन और अभ्यास पूरे किए गए, जिनमें करोड़ों रुपये के ड्रग्स व मादक पदार्थ और अवैध सोने की जब्ती, गंभीर चक्रवाती तूफानों के दौरान नाविकों का बचाव, विदेशी तटरक्षकों के साथ संयुक्त अभ्यास, अवैध शिकार विरोधी अभियान, चक्रवात व प्राकृतिक आपदाओं के दौरान मानवीय सहायता और तटीय सुरक्षा अभ्यास शामिल हैं।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img