युवक पर शादी का झांसा देकर धोखा देने का आरोप

अमर सैनी

नोएडा। सिविल सेवा की तैयारी करने वाली युवती ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर धोखा देने और धमकी देने का आरोप लगाया है। मामला थाना फेज-वन क्षेत्र के एक गांव का है। पीड़िता ने पुलिस में शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह यूपीएससी की तैयारी दिल्ली के नामी कोचिंग इंस्टीट्यूट से कर रही हैं। कुछ वर्ष पहले एक युवक उसके संपर्क में आया। दोनों के बीच दोस्ती होने पर नजदीकियां बढ़ गईं। आरोप है कि युवक ने उन्हें शादी का झांसा देकर नजदीकी बढ़ाई और धोखे में रखकर संबंध बनाए। इसकी जानकारी होने पर युवती को परिजनों ने समझाया और युवक से बात की। दोनों के बीच संपर्क खत्म हो गया। आरोपी के संपर्क में रहने के कारण युवती की पढ़ाई भी प्रभावित हुई। सब कुछ ठीक चलने पर पिछले दिनों आरोपी युवक फिर युवती के संपर्क में आया। युवती के काफी मना करने पर आरोपी युवक ने पीड़िता को झांसे में लिया। शादी का झांसा देकर फिर से नजदीकियां बढ़ाईं। दोनों की सहमति होने पर युवती के परिजन भी शादी के लिए तैयार हो गए। आरोप है कि युवक के परिजन से बात की तो उन्होंने शादी करने से इनकार कर दिया। बेटे के बेरोजगार होने का भी हवाला दिया। जबरन शादी करने पर संपत्ति से बेदखल करने की धमकी दी। युवती के परिजनों ने युवक से बात की तो वह भी युवती को धमकी दे रहा है। इसके बाद से युवती और उसका परिवार डरा हुआ है। थाना प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img