ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सिटी बस सेवा की मांग को लेकर प्रदर्शन

अमर सैनी

नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासियों ने रविवार को राजेश पायलट चौक पर सिटी बस सेवा शुरू करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने नारेबाजी की और प्राधिकरण के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया। आरोप है कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सबसे बड़ी समस्या परिवहन सेवा की है। प्राधिकरण के अधिकारी इसे नजरअंदाज कर रहे हैं। इस दौरान सैनी, सुनपुरा, वेदपुरा, सादुल्लापुर, एसकेएस, एटीएस, आमंत्रा, महागुंगु मंत्रा 2, सेक्टर-10, मिल्कलाची, रोजा, गोल्डन वैली, सेक्टर-3, इरोज संपूर्णम, समृद्धि ग्रांड, रॉयल नेक्स्ट, जेएम फ्लोरेंस, गैलेक्सी वेगा, ड्रीम वैली, हिमालय प्राइड आदि सोसायटियों के लोग शामिल हुए।
निवासियों ने कहा कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सोसायटियों में आबादी लगातार बढ़ रही है, और उस हिसाब से सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सड़कों पर हर दिन लगने वाले भीषण जाम से सभी निवासी परेशान हैं। प्राधिकरण से लगातार सिटी बस सेवा की मांग की जा रही है, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। सिटी बस सेवा शुरू होने से लोगों की आधी परेशानी दूर हो जाएगी। सड़कों पर वाहनों का दबाव भी कम होगा, जिससे जाम नहीं लगेगा। गिरीश चंद्र ने बताया कि प्रदर्शन में 100 से अधिक लोग शामिल हुए। लोगों ने मुख्यमंत्री, स्थानीय सांसद, दादरी विधायक, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ से गुहार लगाई। साथ ही ग्रेटर नोएडा वेस्ट में जल्द से जल्द सिटी बस सेवा शुरू करने की मांग की, ताकि स्कूली बच्चों, महिलाओं और ऑफिस जाने वालों को राहत मिल सके। इस मौके पर राजेंद्र, सर्वेंद्र, प्रदीप आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img