Hapur News : विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर हापुड़ प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी कविता मीना और अपर जिलाधिकारी संदीप कुमार की मौजूदगी में मतदेय स्थलों के संभाजन को लेकर अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनाव को सुचारू और सुविधाजनक बनाने के लिए कई दिशा निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार एक बूथ पर अधिकतम 1500 मतदाता ही रखे जाएंगे और इससे अधिक संख्या वाले बूथों का अनिवार्य रूप से विभाजन किया जाएगा। जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों हापुड़, गढ़मुक्तेश्वर और धौलाना के सभी मतदान केंद्रों का एसडीएम और तहसीलदार द्वारा भौतिक सत्यापन कराया जाएगा ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके।
इसके साथ ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए न्यूनतम सुविधाएं जैसे रैंप, पीने का पानी, शौचालय, बिजली, फर्नीचर और छाया की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जो भवन जर्जर हालत में हैं या जहां सुविधाओं का अभाव है, उनकी जगह नए भवनों का प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है। राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर उनके सुझाव और आपत्तियां लेकर संभाजन का प्रस्ताव 25 अक्टूबर तक आयोग को भेजा जाएगा, ताकि मतदाताओं को मतदान में किसी प्रकार की परेशानी न हो और मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी हो सके।

