Mathura : मथुरा में हिमाचल प्रदेश प्रभारी और भाजपा विधायक श्रीकांत शर्मा ने दिल्ली में जारी राजनीतिक हलचल और विपक्षी प्रदर्शनों को लेकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि विदेशी ताकतों और फर्जी आंकड़ों की आड़ लेकर विपक्ष राजधानी में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहा है।
विक्टिम कार्ड खेलने का आरोप
श्रीकांत शर्मा ने कहा कि अमेरिका से आए कुछ लोग दिल्ली में हंगामा और आगजनी की कोशिश कर रहे हैं। उनका मकसद पुलिस को उकसाना है ताकि कार्रवाई होने पर विक्टिम कार्ड खेला जा सके।
एसआईआर विवाद पर दिया जवाब
मतदाता सूची शुद्धिकरण को लेकर विपक्ष के सवालों पर उन्होंने कहा कि 13 करोड़ वोट कटने का जो प्रचार किया जा रहा है उसका सच अलग है। उनके अनुसार 10 करोड़ नाम मृत, शिफ्ट हो चुके या डबल वोट वाले थे जबकि 3 करोड़ लापता या घुसपैठियों के नाम हैं जो सुरक्षा के लिए खतरा हैं। उन्होंने कहा कि दबाव बनाकर इन अवैध नामों को दोबारा जुड़वाने की कोशिश सफल नहीं होगी।
जंतर मंतर और कश्मीर पर बयान
जंतर मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति न मिलने पर उन्होंने कहा कि सुरक्षा कारणों से इसे डीनोटिफाई किया गया है और कांग्रेस शासन में भी बोट क्लब को इसी तरह डीनोटिफाई किया गया था। कश्मीर मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पहले तिरंगा फहराने के लिए सेना की सुरक्षा लेनी पड़ती थी लेकिन अब हर स्कूल और लाल चौक पर तिरंगा लहरा रहा है। उन्होंने दावा किया कि देश में अलगाववाद और नक्सलवाद खत्म हो रहा है और विदेशी फंडिंग पर रोक लगाई जा रही है।
जनता से की अपील
श्रीकांत शर्मा ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को राजनीतिक उपद्रव से दूर रखें। उन्होंने कहा कि विपक्ष मासूम बच्चों के कंधे पर बंदूक रखकर राजनीतिक रोटियां सेकना चाहता है।


