Bulandshahar (अवनीश त्यागी) : बुलंदशहर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने नकली क्रीम बनाने वाली फैक्ट्री पकड़ी है। गुरुवार को की गई कार्रवाई में टीम ने बीबीनगर क्षेत्र में किराए के मकान में चल रही अवैध फैक्ट्री से करीब 600 किलोग्राम नकली क्रीम बरामद की। बताया गया कि यहां सोयाबीन ऑयल, रिफाइंड, दही और अन्य सामग्री मिलाकर नकली क्रीम तैयार की जा रही थी।

टीम ने मौके पर जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर पूरी क्रीम को नष्ट करा दिया। इसके साथ ही करीब 1.24 लाख रुपये मूल्य का माल सीज किया गया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार राय ने बताया कि छापेमारी में 35 टीन क्रीम, सोयाबीन रिफाइंड के 14 टीन, 30 किलोग्राम दही और 30 किलोग्राम फ्रेश क्रीम बरामद हुई है। क्रीम के दो, सोयाबीन रिफाइंड का एक और दही का एक नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ममता चौधरी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फैक्ट्री का संचालन हापुड़ जिले के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव निवासी राहुल कुमार पुत्र रोहताश द्वारा किया जा रहा था। विभाग ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


