Navratri Shopping: नवरात्रि से पहले नोएडा के बाजारों में सजीं पूजा सामग्री की दुकानें
नोएडा। नवरात्रि के पर्व को लेकर नोएडा के प्रमुख बाजारों में तैयारियां शुरू हो गई हैं। शहर के अलग-अलग बाजारों में पूजा सामग्री की दुकानें सज गई हैं और लोगों ने खरीदारी भी शुरू कर दी है। भंगेल मार्केट, सेक्टर-59 की मामूरा मार्केट, सेक्टर-27 की इंदिरा मार्केट, अट्टा मार्केट समेत कई बाजारों में माता की पूजा में इस्तेमाल होने वाली सामग्री दुकानों पर उपलब्ध है।
बाजारों में माता की चुनरी, नारियल, पूजा सामग्री, व्रत से जुड़े सामान, फूल-माला, माता की तस्वीरें और मूर्तियां सहित सजावट का सामान ग्राहकों के लिए सजाया गया है। नवरात्रि नजदीक आने के साथ बाजारों में खरीदारी बढ़ने की उम्मीद दुकानदारों को है।
सेक्टर-59 की मामूरा मार्केट के दुकानदार दीप कुमार ने बताया कि पिछले साल की तुलना में घी और तेल के दाम में करीब 30 से 50 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। पूजा और व्रत से जुड़े सामान की खरीदारी शुरू होने के साथ दुकानदारों को आने वाले दिनों में बाजार में और रौनक बढ़ने की उम्मीद है।
फूल-मालाओं की खरीदारी में भी इस बार ग्राहकों की पसंद में बदलाव देखने को मिल रहा है। दुकानदार मदन के मुताबिक असली फूलों की माला रोज खरीदनी पड़ती है, जबकि प्लास्टिक की माला पूरे नवरात्रि के दौरान इस्तेमाल की जा सकती है। इसी वजह से कई ग्राहक कृत्रिम मालाओं को अधिक पसंद कर रहे हैं।
दुकानदारों के अनुसार पिछले साल के मुकाबले असली फूलों की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। जिन मालाओं की कीमत पहले करीब 20 रुपये थी, अब उनके लिए 30 से 40 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं। कीमतों में अंतर के चलते कई ग्राहक असली फूलों के बजाय आर्टिफिशियल फूलों की मालाएं खरीद रहे हैं।
सेक्टर-27 स्थित इंदिरा मार्केट में माता की मूर्तियों की बिक्री फिलहाल सीमित है। दुकानदार अशोक सिंह ने बताया कि ग्राहक माता की तस्वीरों के साथ पूजा की अन्य सामग्री खरीद रहे हैं। इस बार मिट्टी से बनी इको-फ्रेंडली मूर्तियों की मांग भी देखने को मिल रही है। दुकानदारों का कहना है कि नवरात्रि शुरू होने के साथ मूर्तियों और अन्य पूजा सामग्री की बिक्री में तेजी आने की उम्मीद है।
बाजार में इस बार माता की चुनरियों के कई नए रंग और डिजाइन भी उपलब्ध हैं। दुकानों पर माता की पोशाक, शृंगार सामग्री और सजावट के सामान भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। दुकानदारों के मुताबिक चुनरियों की कीमतों में पिछले साल की तुलना में कोई बड़ा बदलाव नहीं आया है।
नवरात्रि की शुरुआत के साथ नोएडा के प्रमुख बाजारों में पूजा सामग्री और व्रत से जुड़े सामान की खरीदारी और बढ़ने की संभावना है। दुकानदारों ने ग्राहकों की मांग को देखते हुए अलग-अलग प्रकार की पूजा सामग्री और सजावटी सामान उपलब्ध कराया है।


