Road Safety Plan: नोएडा प्राधिकरण शासन को भेजेगा रोड सेफ्टी प्लान, 65 डार्क स्पॉट पर होंगे सुरक्षा इंतजाम

Road Safety Plan: नोएडा प्राधिकरण शासन को भेजेगा रोड सेफ्टी प्लान, 65 डार्क स्पॉट पर होंगे सुरक्षा इंतजाम

नोएडा। इंजीनियर युवराज मेहता की मौत के बाद नोएडा में सड़क सुरक्षा को लेकर उठे सवालों के बीच नोएडा प्राधिकरण ने शहर के डार्क स्पॉट और हादसों की आशंका वाले स्थानों का सर्वे कराया है। सर्वे के दौरान शहर में 65 ऐसे रोड सेफ्टी प्वाइंट चिह्नित किए गए हैं, जहां सड़क सुरक्षा से जुड़े अतिरिक्त इंतजाम किए जाने की जरूरत बताई गई है।

प्राधिकरण की ओर से रोड सेफ्टी को लेकर तैयार की गई विस्तृत रिपोर्ट आगामी सप्ताह शासन को भेजी जाएगी। इस रिपोर्ट में सेक्टर-150 में किए जा रहे सुरक्षा कार्यों के साथ-साथ शहर के अन्य 65 चिह्नित रोड सेफ्टी प्वाइंट पर प्रस्तावित और चल रहे कार्यों का पूरा प्लान शामिल किया गया है।

युवराज मेहता की मौत के बाद सड़क सुरक्षा से जुड़ी कमियों को लेकर चर्चा तेज हुई थी। इसके बाद प्राधिकरण ने ऐसे स्थानों की पहचान करने पर जोर दिया, जहां अंधेरा, तेज रफ्तार, पर्याप्त साइनेज की कमी, सड़क मार्किंग या अन्य कारणों से हादसे की आशंका बनी रहती है। अब इन स्थानों पर चरणबद्ध तरीके से सुरक्षा इंतजाम करने की तैयारी की जा रही है।

सेक्टर-150 में रोड सेफ्टी को लेकर विस्तृत प्लान तैयार किया गया है। इसके तहत कई स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के लिए स्पीड ब्रेकर बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा सड़क पर थर्माप्लास्टिक पेंट से रोड मार्किंग और जरूरी स्थानों पर साइनेज लगाने का काम भी किया जा रहा है।

सड़क किनारे खुले नालों और डक्ट को कवर करने का काम भी रोड सेफ्टी प्लान में शामिल किया गया है। प्राधिकरण का उद्देश्य ऐसे खुले हिस्सों को सुरक्षित करना है, जहां वाहन चालकों या अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए खतरा पैदा हो सकता है।

प्राधिकरण ने शहर में चिह्नित किए गए सभी 65 रोड सेफ्टी प्वाइंट के लिए अलग-अलग सुरक्षा जरूरतों का विवरण तैयार किया है। रिपोर्ट में यह दर्ज किया गया है कि किस स्थान पर सीसीटीवी कैमरे, स्पीड ब्रेकर, साइनेज, रोड मार्किंग, नाला या डक्ट कवरिंग समेत किस तरह के सुरक्षा कार्यों की आवश्यकता है।

इसके साथ ही अब तक कराए जा चुके कार्यों और आगे प्रस्तावित कार्यों का भी विस्तृत ब्योरा तैयार किया गया है। प्राधिकरण की योजना के अनुसार चिह्नित स्थानों पर जरूरत के मुताबिक सुरक्षा उपाय चरणबद्ध तरीके से लागू किए जाएंगे।

आगामी सप्ताह शासन को भेजी जाने वाली रिपोर्ट में शहर के रोड सेफ्टी प्वाइंट की स्थिति और वहां किए जाने वाले कार्यों का पूरा प्लान शामिल रहेगा। इसके बाद शासन स्तर पर रिपोर्ट के आधार पर आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी।

 

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img