Hapur News : हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के एचपीडीए इंडस्ट्रियल एरिया में बुधवार को एक खाली प्लॉट में दलदल में अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव पानी और कीचड़ से भरे स्थान पर पड़ा हुआ था। आसपास की फैक्ट्रियों में काम करने वाले कर्मचारियों की नजर जब शव पर पड़ी तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह करीब 11 बजे पुलिस को शव के दलदल में फंसे होने की सूचना मिली थी।
शव की हालत इतनी खराब थी कि उसकी पहचान नहीं हो सकी। दलदल अधिक होने की वजह से पुलिस को शव को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने आसपास के लोगों और फैक्ट्रियों में काम करने वाले कर्मचारियों से पूछताछ शुरू कर दी है ताकि मृतक की पहचान हो सके और घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।
पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
पिलखुवा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार बालियान ने बताया कि शव करीब 8 से 10 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


