Hapur News : हापुड़ में प्रदूषण फैलाने वाले और निर्धारित अवधि पूरी कर चुके वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। पिछले दो दिनों के भीतर विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए 15 वाहनों को जब्त किया है, जिनमें से 7 डीजल वाहनों को स्क्रैप सेंटर भेज दिया गया है।
एआरटीओ प्रवर्तन रमेश कुमार चौबे ने बताया कि यह कार्रवाई सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार की जा रही है। इसके तहत अपनी जीवन अवधि पूरी कर चुके वाहनों को स्क्रैप किया जाना अनिवार्य है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में पुराने वाहनों के संचालन को लेकर सुप्रीम कोर्ट, राष्ट्रीय हरित अधिकरण और वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के आदेशों का पालन कराया जा रहा है और उसी के तहत जिले में यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
एआरटीओ ने स्पष्ट किया कि 10 वर्ष पुराने डीजल और 15 वर्ष पुराने पेट्रोल वाहनों को चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है, जिसमें विशेष तौर पर बीएस-3 और उससे कम उत्सर्जन मानक वाले वाहनों को शामिल किया गया है। ऐसे वाहनों को जब्त कर नियमानुसार स्क्रैप करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बढ़ते प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और सड़कों पर टीम द्वारा वाहनों की नियमित जांच की जाएगी।


