Hapur News : हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सरस्वती मेडिकल कॉलेज से निजामपुर की ओर जाने वाले सर्विस रोड पर रेलवे ब्रिज के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
हादसे में एक बाइक पर सवार पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार बाइक नंबर यूपी 37 5272 पर वसीम पुत्र सद्दीक और उसकी पत्नी शाहीन निवासी बक्सर, थाना सिंभावली सवार थे। यह बाइक पिलखुवा की ओर से हापुड़ की तरफ गलत दिशा में जा रही थी। वहीं दूसरी बाइक नंबर डीएल 5 एसएवाई 9394 पर राशिद पुत्र शौकीन निवासी चमनपुरी कस्बा पिलखुवा सवार था, जो हापुड़ से पिलखुवा की ओर जा रहा था।
टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों को गंभीर चोटें आईं। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सरस्वती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने वसीम और उसकी पत्नी शाहीन को मृत घोषित कर दिया, जबकि राशिद का इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोज बालियान ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए हैं। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


