Hapur News : हापुड़ जिले में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण ने पिलखुवा इलाके में बड़ी कार्रवाई की है। प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने पुलिस के सहयोग से पांच अलग-अलग जगहों पर लगभग 40 हजार वर्ग मीटर में काटी जा रही अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर किए गए अवैध विकास कार्य भी हटाए गए।
प्राधिकरण के सचिव अमित कात्यान ने बताया कि खैरपुर-दहपा रोड पर गांव अछपलगढ़ी में सीताराम सैनी, इल्यास और आबिद की ओर से करीब चार हजार वर्ग मीटर में विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग को गिराया गया। वहीं खैरपुर चक रोड पर हरपाल और अनीस की 38 सौ वर्ग मीटर में हो रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया।
इसी क्रम में चंडी मंदिर से खैरपुर मार्ग पर खसरा नंबर 704 में नरेश, मुकेश और शहजाद की 12 हजार वर्ग मीटर में बसाई जा रही कॉलोनी पर बुलडोजर चलाया गया। इसी रोड पर रिंकू सैनी की चार हजार वर्ग मीटर और वाल्मीकि चौक से जटपुरा रोड पर पंकज सैनी, जगमोहन, आबिद और राशिद की 12 हजार वर्ग मीटर अवैध प्लाटिंग को भी हटाया गया।
हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण ने आम लोगों से अपील की है कि बिना नक्शा पास कराए किसी भी प्रकार का निर्माण या प्लाटिंग का कार्य न करें। प्राधिकरण का कहना है कि अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


