Dehradun : कांग्रेस का देहरादून में हल्ला बोल, राष्ट्रीय अध्यक्ष के अपमान और महिला अपराध समेत कई मुद्दों पर मुख्यमंत्री आवास घेराव

Dehradun : देहरादून में प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कई मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया। कांग्रेस का आरोप है कि हल्द्वानी के रामलीला मैदान में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद उनके खिलाफ अपमानजनक कृत्य किया गया। इसके साथ ही प्रदेश में महिला अपराध, पेपर लीक, नौकरियों में धांधली, किसानों का उत्पीड़न और जमीनों की नीलामी जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।

प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा की मौजूदगी में आयोजित इस हल्ला बोल कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रीतम सिंह, गुरदीप सिंह सप्पल, सुरेन्द्र शर्मा, करन माहरा, हरक सिंह रावत, काजी निजामुद्दीन, प्रकाश जोशी समेत सभी विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर और झंडे लेकर नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया।

अपने संबोधन में कुमारी सैलजा ने कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के साथ राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ दलित नेता हैं। उनके प्रति अपमान लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों का अपमान है। कांग्रेस इस तरह की मानसिकता को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिला अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और महिला सुरक्षा के दावे करने वाली सरकार उन्हें सुरक्षित माहौल देने में विफल रही है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं से हजारों युवाओं के सपने टूट रहे हैं। कांग्रेस ने मांग की कि सभी भर्ती परीक्षाएं पारदर्शी और निष्पक्ष कराई जाएं और भर्ती घोटालों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सजा दी जाए।

किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस ने कहा कि किसान पहले से ही महंगाई और लागत बढ़ने से परेशान हैं, ऐसे में उनका उत्पीड़न गंभीर मामला है। साथ ही जमीनों की अनैतिक नीलामी का मुद्दा भी उठाया गया। कांग्रेस का कहना है कि प्रदेश की जमीन और संसाधन जनता की धरोहर हैं और किसी भी अपारदर्शी प्रक्रिया से उनकी नीलामी का विरोध किया जाएगा।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह हल्ला बोल केवल विरोध प्रदर्शन नहीं बल्कि युवाओं, महिलाओं, किसानों और आम जनता के अधिकारों की आवाज है। सरकार को जनता की आवाज सुननी होगी। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने इन मुद्दों पर जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की तो पूरे प्रदेश में बड़ा जनआंदोलन चलाया जाएगा।

इस दौरान पूर्व मेयर रुड़की यशपाल राणा, भुवनेश खर्कवाल, मनोज सैनी, रविन्द्र आनन्द, रामकुमार वालिया और एडवोकेट सचिन कुमार ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ली।

Hot this week

Lucknow : यूपी में ‘रूल ऑफ माफिया’ मिटाकर स्थापित किया ‘रूल ऑफ लॉ’- मुख्यमंत्री

Lucknow : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर...

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img