Hapur News : रक्षाबंधन का पर्व केवल भाई बहन के रिश्ते का प्रतीक नहीं बल्कि भरोसे, सुरक्षा और सम्मान का भी पर्व है। इसी भावना को जीवंत करता एक सुंदर दृश्य गुरुवार को पुलिस कार्यालय में देखने को मिला जहां स्कूली छात्राओं ने पुलिस अधीक्षक को राखी बांधकर जनसुरक्षा के संकल्प को और मजबूत कर दिया।

गुरुवार को अर्वाचीन इंटरनेशनल स्कूल पिलखुवा की छात्राएं पुलिस कार्यालय पहुंचीं। छात्राओं ने पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह की कलाई पर राखी बांधी और उनकी दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की। छात्राओं के चेहरे पर उत्साह और गर्व था कि वे उस वर्दी को राखी बांध रही हैं जो पूरे जिले की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाती है।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने सभी छात्राओं को स्नेह और आशीर्वाद दिया। उन्होंने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और आश्वस्त किया कि हापुड़ पुलिस हर बेटी, हर बहन और हर नागरिक की सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा से काम करती रहेगी। उन्होंने कहा कि यह राखी केवल धागा नहीं बल्कि एक जिम्मेदारी है जिसे पुलिस पूरी ईमानदारी से निभाएगी।

छात्राओं ने भी कहा कि उन्हें पुलिस पर गर्व है और इस राखी के बाद उनका भरोसा और बढ़ गया है। पुलिस कार्यालय में हुआ यह आयोजन इस बात का प्रतीक बन गया कि हापुड़ पुलिस केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं बल्कि हर नागरिक के परिवार का हिस्सा है।


