Hapur News : जिले के परिषदीय विद्यालयों में अब बिना अनुमति किसी भी बाहरी व्यक्ति और यूट्यूबर के प्रवेश पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। बेसिक शिक्षा विभाग ने इस संबंध में सभी स्कूलों को तत्काल प्रभाव से सख्त निर्देश जारी किए हैं। यह फैसला बच्चों की सुरक्षा और पठन पाठन की व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए लिया गया है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी दीपा भाटी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ बाहरी लोग और यूट्यूबर बिना किसी अनुमति के स्कूल परिसर में घुसकर शिक्षकों, स्टाफ और परिसर की वीडियो और फोटो बना रहे थे और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित कर रहे थे। इससे न केवल पढ़ाई बाधित हो रही थी बल्कि शिक्षकों के सम्मान और विभाग की छवि पर भी असर पड़ रहा था।
बीएसए ने स्पष्ट किया है कि अब किसी भी बाहरी व्यक्ति या सोशल मीडिया से जुड़े व्यक्ति को सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना विद्यालय में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। यदि किसी को फोटो या वीडियोग्राफी करनी है तो उसके लिए भी पहले अनुमति लेना अनिवार्य होगा। उन्होंने बताया कि स्कूलों की निगरानी के लिए जनपद और ब्लॉक स्तर पर पहले से अधिकारी तैनात हैं जो नियमित निरीक्षण कर रहे हैं।
सभी प्रभारी प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिए गए हैं कि विद्यालय संचालन के दौरान और उसके बाद भी स्कूल के मुख्य द्वार बंद रखें ताकि कोई भी अनाधिकृत व्यक्ति परिसर में प्रवेश न कर सके। बीएसए ने कहा कि छात्रों की सुरक्षा और बेहतर शिक्षा व्यवस्था विभाग की पहली प्राथमिकता है और इन निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।


