Dowry Harassment: शादी के एक साल बाद पति की कथित सच्चाई सामने आने का दावा, महिला ने पांच लोगों पर दर्ज कराया केस
नोएडा। सेक्टर-82 स्थित एक सोसाइटी में रहने वाली महिला ने शादी के करीब एक साल बाद अपने पति को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का दावा है कि शादी के बाद पति उससे दूरी बनाकर रखता था और बाद में चिकित्सकीय जांच के दौरान उसे पति की यौन पहचान के बारे में जानकारी मिली। महिला का आरोप है कि इस बात को लेकर विवाद के बाद पति ने उसका गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया। पीड़िता ने पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ फेज-2 थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
पीड़िता के मुताबिक, उसकी शादी 17 नवंबर 2024 को प्रयागराज में हुई थी। शादी में उसके पिता ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दहेज दिया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुराल के अन्य सदस्यों का व्यवहार उसके प्रति ठीक नहीं रहा। महिला का कहना है कि पति कई महीनों तक अलग-अलग बहाने बनाकर उससे दूरी बनाए रखता था।
इसी दौरान ससुराल पक्ष की ओर से अतिरिक्त दहेज में कार और फ्लैट की मांग किए जाने का भी आरोप है। महिला का कहना है कि मांग पूरी नहीं होने पर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा।
थाईलैंड में मारपीट का आरोप
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि शादी के कुछ समय बाद वह पति के साथ हनीमून के लिए थाईलैंड गई थी। आरोप है कि वहां पति ने उसके साथ मारपीट की, जिसके कारण उन्हें यात्रा बीच में ही छोड़कर भारत लौटना पड़ा। इसके बावजूद महिला ने परिवार बचाने की कोशिश की और रिश्ते को बनाए रखा।
महिला के अनुसार करीब एक साल बाद वह पति को चिकित्सक के पास लेकर गई। जांच के बाद उसे पति की यौन पहचान के संबंध में जानकारी मिली। आरोप है कि यह बात सामने आने पर पति डॉक्टर से विवाद करने के बाद वहां से चला गया।
ससुराल पक्ष पर भी गंभीर आरोप
पीड़िता का कहना है कि उसने मामले की जानकारी ननद और ननदोई को भी दी, क्योंकि दोनों ने ही उसका रिश्ता कराया था। महिला के मुताबिक, इसके बावजूद उसकी शिकायत पर कोई उचित कदम नहीं उठाया गया। वह दिसंबर 2025 से अपने मायके में रह रही है।
महिला ने पति, सास, ससुर, ननद और ननदोई के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
