Noida Police: गांजा तस्कर महिला से सांठगांठ के आरोप में सिपाही गिरफ्तार, पुलिस सेवा से बर्खास्त
नोएडा। नोएडा पुलिस ने गांजा तस्करी में शामिल एक महिला से कथित सांठगांठ और भ्रष्टाचार के आरोप में एक सिपाही को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी आरक्षी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस विभाग ने गंभीर आरोपों को देखते हुए उसे तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त भी कर दिया है।
पुलिस के अनुसार बुधवार को सोशल मीडिया पर दो वीडियो वायरल हुए, जिनमें जिले में तैनात आरक्षी पुनीत एक महिला से संदिग्ध बातचीत करता दिखाई दे रहा था। प्रारंभिक जांच में अपराधियों से सांठगांठ और अनुचित लाभ लेने की आशंका सामने आई। वीडियो में गांजा तस्करी के लिए कुख्यात महिला हेमा भी दिखाई दे रही है।
पहले वीडियो में महिला के सामने गांजा रखा दिखाई देता है। बातचीत के दौरान वह कहती है कि इस बार भेजा गया माल ठीक नहीं है और उसमें नशे की मात्रा कम है। दूसरी ओर से बात कर रहा व्यक्ति उससे फोटो भेजने और गांजे की कीमत बताने की बात करता है। दूसरे वीडियो में महिला कथित रूप से गांजे का नया ऑर्डर देती नजर आती है।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने तत्काल जांच शुरू कराई। प्रारंभिक जांच में आरोप गंभीर पाए जाने पर सेक्टर-20 थाना पुलिस ने आरक्षी पुनीत के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया और विभागीय कार्रवाई करते हुए पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। वायरल वीडियो, कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी की कथित संलिप्तता कितने समय से थी और इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।


