Uttar Pradesh : हापुड़ में दोस्ती का फायदा उठाकर युवक को ब्लैकमेल किया, वीडियो वायरल की धमकी देकर घर से उड़ाए गहने

Hapur News : हापुड़ में नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला संजय विहार में दोस्ती की आड़ में ब्लैकमेल कर घर से गहने चोरी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मोहल्ले के ही दो युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मोहल्ला निवासी ओमवीर सिंह ने शिकायत में बताया कि मोहल्ले के मयंक और निहाल ने उनके पुत्र गर्वित से दोस्ती कर ली थी और घर आना-जाना शुरू कर दिया। गर्वित सिर में चोट लगने के कारण मानसिक रूप से कमजोर है। आरोप है कि जब वह घर पर नहीं होते थे तो दोनों युवक आते थे। कुछ दिन बाद घर की अलमारी से तीन तोले की सोने की चेन, एक टीका, अंगूठी और अन्य गहने गायब मिले।
पूछताछ पर गर्वित ने बताया कि दोनों युवकों ने पहले उसे सिगरेट पिलाई और उसकी वीडियो बना ली। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर अलमारी से गहने निकाल लिए। आरोपियों ने उसकी बुजुर्ग दादी के गले से सोने की चेन भी निकाल ली और उसकी जगह नकली चेन पहना दी।
पीड़ित परिवार ने जब आरोपियों के परिजनों से संपर्क किया तो मयंक की मां मयंक को लेकर उनके घर पहुंची। मयंक ने कहा कि सारे गहने निहाल के पास हैं और वह जल्द वापस कर देगा, लेकिन अब तक गहने नहीं लौटाए गए। पीड़ित को जानकारी मिली कि आरोपियों ने गहने बेच दिए हैं।
बुधवार को ओमवीर सिंह ने कोतवाली में शिकायत दी। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि मयंक और निहाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करेगी।


