Crop Damage: हरियाणा के किसानों ने फसल नष्ट करने का लगाया आरोप, पुलिस कमिश्नर से शिकायत

Crop Damage: हरियाणा के किसानों ने फसल नष्ट करने का लगाया आरोप, पुलिस कमिश्नर से शिकायत
नोएडा। ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र के बेला कला गांव में हरियाणा के किसानों ने खेत में खड़ी फसल को नष्ट किए जाने और जमीन पर कब्जे के प्रयास का आरोप लगाया है। किसानों का कहना है कि दनकौर क्षेत्र के कुछ लोगों ने कथित तौर पर उनकी जमीन पर कब्जा करने की नीयत से खेत में खड़ी फसल को ट्रैक्टर से जुतवाकर नष्ट कर दिया। स्थानीय स्तर पर शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए पीड़ित किसान शुक्रवार शाम करीब चार बजे पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे और शिकायत दी।
हरियाणा के चांदपुर गांव निवासी सूरजपाल, नेतराम, राजकिशोर, धर्मवीर, रोहतास, सोरन, जयपाल, महेंद्र, गजेंद्र, लालसिंह और वेदप्रकाश ने ग्रेटर नोएडा के डीसीपी कार्यालय में अपनी शिकायत दर्ज कराई। किसानों के मुताबिक, उनकी भूमि गौतमबुद्धनगर के बेला कला गांव में स्थित है और वर्ष 1984 के दीक्षित अवार्ड के तहत संबंधित भूमि पर उनका अधिकार है।
किसानों ने शिकायत में आरोप लगाया कि कुछ दबंग लोग उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। आरोप है कि कुछ दिन पहले इन लोगों ने ट्रैक्टर से खेत में खड़ी फसल को जोतकर नष्ट कर दिया। किसानों ने जब इसका विरोध किया तो उनके साथ अभद्रता की गई और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई।
पीड़ित किसानों का कहना है कि उन्होंने मामले को लेकर पहले भी संबंधित अधिकारियों से शिकायत की थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
किसानों ने पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि फसल नष्ट करने और कथित कब्जे के प्रयास के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही उनकी भूमि पर किसी भी तरह के अवैध कब्जे को रोका जाए और उन्हें सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। किसानों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो विवाद आगे बढ़ सकता है और अप्रिय स्थिति पैदा हो सकती है।



