
Darbhanga (मृत्युंजय) : सोशल मीडिया पर पिस्टल के साथ डांस का वीडियो बनाकर वायरल करना एक महिला को महंगा पड़ गया। दरभंगा के घनश्यामपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए महिला को गिरफ्तार कर लिया है। उसके घर से अवैध पिस्टल, जिंदा कारतूस, अतिरिक्त मैगजीन और मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
घनश्यामपुर के एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने प्रेस वार्ता में बताया कि 29 जुलाई को थाने के सरकारी नंबर पर एक वीडियो प्राप्त हुआ था, जिसमें एक महिला पिस्टल के साथ डांस करती दिखाई दे रही थी। वीडियो का सत्यापन कराने के बाद महिला की पहचान सिरसिया गांव निवासी लाखो देवी के रूप में हुई।
इसके बाद थानाध्यक्ष आलोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महिला के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक अतिरिक्त मैगजीन, वीवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 160 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस ने अवैध हथियार रखने के आरोप में लाखो देवी को गिरफ्तार कर घनश्यामपुर थाने में मामला दर्ज किया। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार महिला के खिलाफ पहले से मारपीट के एक मामले में प्राथमिकी दर्ज है।
इस कार्रवाई में घनश्यामपुर थाना की पुलिस टीम के कई अधिकारी और महिला पुलिसकर्मी शामिल रहे।





