भारत

ATM Theft: एटीएम से बैटरी, यूपीएस और नेटवर्क उपकरण चोरी, मशीन में भी तोड़फोड़

ATM Theft: एटीएम से बैटरी, यूपीएस और नेटवर्क उपकरण चोरी, मशीन में भी तोड़फोड़

नोएडा। थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र के हल्द्वानी गांव में स्थित एक एटीएम को अज्ञात बदमाशों ने निशाना बनाया। आरोपियों ने एटीएम के बैंक रूम में तोड़फोड़ करने के बाद उसमें लगे कई महत्वपूर्ण उपकरण चोरी कर लिए। हालांकि बदमाश एटीएम के भीतर रखी नकदी तक नहीं पहुंच सके। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना ईकोटेक-3 के प्रभारी निरीक्षक रंजीत कुमार सिंह के अनुसार, सुपरटेक इको विलेज-3 निवासी दीपक गरकोटी इंडिया वन पेमेंट्स लिमिटेड में जोनल ऑपरेशन मैनेजर हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी कंपनी का एक एटीएम हल्द्वानी गांव में स्थापित है।

शिकायत के मुताबिक, एटीएम के कस्टोडियन सुबोध जब मशीन में नकदी डालने के लिए पहुंचे तो उन्हें वहां चोरी और तोड़फोड़ का पता चला। जांच करने पर सामने आया कि अज्ञात बदमाश एटीएम के बैंक रूम से तीन बैटरियां, एक यूपीएस, एक आईटी उपकरण, एक स्टेबलाइजर, एक नेटवर्क मॉडम और बोल्ट का डायलर समेत कई अन्य उपकरण निकालकर ले गए।

बदमाशों ने एटीएम मशीन में भी तोड़फोड़ की। हालांकि, वह मशीन के अंदर रखी नकदी चोरी करने में सफल नहीं हो सके। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही चोरी किए गए उपकरणों की बरामदगी के लिए भी जांच की जा रही है।

 

Related Articles

Back to top button