राज्यउत्तर प्रदेश

Trader Welfare Day: व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़, नीति निर्माण में भी बढ़े भागीदारी : सतीश महाना

Trader Welfare Day: व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़, नीति निर्माण में भी बढ़े भागीदारी : सतीश महाना

नोएडा। सेक्टर-51 स्थित वेडिंग विला में उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल की ओर से पांचवें व्यापारी कल्याण दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के 32 जिलों से आए व्यापारियों, उद्योगपतियों, उद्यमियों, महिला कारोबारियों तथा विभिन्न सामाजिक और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में व्यापारियों की आर्थिक भूमिका के साथ स्टार्टअप, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक उत्तरदायित्व, उद्यमिता और राजनीति में व्यापारियों की भागीदारी जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि व्यापारी केवल कारोबार करने वाला वर्ग नहीं है, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल सिर्फ व्यापारियों के हितों की आवाज उठाने वाला संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का प्रभावी माध्यम भी है। व्यापारी रोजगार पैदा करने के साथ समाज को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और देश की विकास यात्रा को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

सतीश महाना ने कहा कि भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था में व्यापारी समाज का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने व्यापारियों की भूमिका को आर्थिक गतिविधियों तक सीमित न रखते हुए नीति निर्माण और जनभागीदारी में भी उनकी सक्रिय भूमिका बढ़ाने पर जोर दिया।

गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य तभी हासिल किया जा सकता है, जब व्यापारी और उद्यमी वर्ग लगातार आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि कारोबारी केवल व्यापार नहीं करते, बल्कि बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार देकर देश की आर्थिक नींव को मजबूत करते हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संगठन व्यापारियों की समस्याओं और उनके हितों को प्रभावी ढंग से सामने रख रहा है।

भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर ने कहा कि आने वाला समय व्यापारियों और युवा उद्यमियों का है। उन्होंने कहा कि व्यापारी समाज को आर्थिक गतिविधियों के साथ लोकतंत्र और राजनीति में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए। उनके अनुसार, जब व्यापारी नीति निर्माण की प्रक्रिया में भागीदार बनेगा, तब देश की अर्थव्यवस्था को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने युवा व्यापार मंडल को नए नेतृत्व को तैयार करने वाला महत्वपूर्ण मंच बताया।

नोएडा विधायक पंकज सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार व्यापारी समाज के सम्मान, सुरक्षा और समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान, कारोबार को आसान बनाना और नए उद्यमों को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन ने कहा कि भारत विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के नए दौर में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार व्यापारियों की समस्याओं को लेकर गंभीरता से काम कर रही हैं। उन्होंने युवा व्यापारियों से कारोबार के साथ लोकतंत्र और राजनीति में भी सक्रिय एवं निर्णायक भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में समाज सेवा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में योगदान के लिए डॉ. पल्लवी शर्मा को महिला सशक्तिकरण अवॉर्ड-2026 से सम्मानित किया गया। वहीं व्यापारिक और सामाजिक क्षेत्र में योगदान के लिए उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश चेयरमैन नवनीत गुप्ता को भामाशाह सम्मान-2026 प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में सोहरतगढ़ विधानसभा के विधायक विनय वर्मा, पूर्व विधायक विमला बाथम, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, अमित त्यागी, प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन, प्रदेश चेयरमैन नवनीत गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष निखिल अग्रवाल, प्रदेश प्रभारी कपिल सब्बरवाल, प्रदेश महामंत्री सचिन गोयल, प्रदेश कोषाध्यक्ष अंकुर बंसल, प्रदेश उपाध्यक्ष शक्ति सिंह, प्रदेश सचिव मनीष शर्मा, प्रदेश सचिव शिवा चौहान, प्रदेश सचिव राजेश जिंदल, उद्योग प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष अमित गोयल, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष नेहा जैन, महिला प्रकोष्ठ उपाध्यक्ष चारू जैन, महिला प्रकोष्ठ उपाध्यक्ष श्रेया शर्मा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी, उद्यमी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

आयोजन में व्यापारियों की भूमिका को सिर्फ आर्थिक गतिविधियों तक सीमित न रखते हुए राष्ट्र निर्माण, सामाजिक जिम्मेदारी, रोजगार सृजन और लोकतांत्रिक भागीदारी से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।

 

Related Articles

Back to top button