Noida Police Encounter: नोएडा में पुलिस मुठभेड़, मोबाइल छीनने वाले दो बदमाश गिरफ्तार; एक के पैर में लगी गोली
नोएडा। ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र में रविवार रात पुलिस और दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन, अवैध हथियार, वारदात में इस्तेमाल कार और चोरी किए गए आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई को दादरी थाने में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कार सवार कुछ लोगों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया है। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रविवार रात संदिग्धों की तलाश में अभियान चलाया।
पुलिस के मुताबिक, घोड़ीबछेड़ा से रामगढ़ अंडरपास की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। उनकी पहचान दादरी के ओमीक्रोन-2 निवासी करण नागर (23) और मुकुल (24) के रूप में हुई।
पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों ने खुद को घिरता देखकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और मौके से भागने का प्रयास किया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें करण नागर के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं, पुलिस ने कॉम्बिंग अभियान चलाकर उसके साथी मुकुल को भी पकड़ लिया।
मोबाइल, हथियार और कार बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक तमंचा, कारतूस, एक अवैध चाकू और छीना गया मोबाइल फोन बरामद किया है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल इग्निस कार भी पुलिस ने कब्जे में ली है। आरोपियों के पास से सेक्टर ज्यू-01 स्थित एक मकान से चोरी किए गए दो जोड़ी पायल और दो जोड़ी बिछिया भी बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।
राहगीरों से मोबाइल छीनने और मकानों में चोरी का आरोप
एडिशनल डीसीपी संतोष कुमार के अनुसार, दोनों आरोपी शातिर अपराधी हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी राह चलते लोगों से मोबाइल फोन छीनने के साथ ही बंद पड़े मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात भी करते थे। दोनों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक नेटवर्क और पूर्व में की गई अन्य वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है। बरामद सामान के आधार पर पुलिस अन्य मामलों से भी कनेक्शन की जांच कर रही है।


