HAL LEAP Engine: एचएएल और सफ्रान के बीच बड़ा समझौता, भारत में बनेंगे अत्याधुनिक विमान इंजन के अहम पुर्जे

HAL LEAP Engine: एचएएल और सफ्रान के बीच बड़ा समझौता, भारत में बनेंगे अत्याधुनिक विमान इंजन के अहम पुर्जे
नई दिल्ली/फार्नबरो। भारत की एयरोस्पेस विनिर्माण क्षमता को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) ने फ्रांस की सफ्रान एयरक्राफ्ट इंजन के साथ सीएफएम लीप इंजन कार्यक्रम के लिए दीर्घकालिक समझौता किया है। इस करार के तहत भारत में अत्याधुनिक सुपर एलॉय टरबाइन रिंग फोर्जिंग्स का निर्माण किया जाएगा।
फार्नबरो इंटरनेशनल एयर शो के दौरान हुए इस समझौते के अनुसार बेंगलुरु स्थित एचएएल की आधुनिक रिंग रोलिंग सुविधा में इन महत्वपूर्ण पुर्जों का निर्माण होगा। ये पुर्जे अत्यधिक तापमान पर काम करने वाले विमान इंजनों के सबसे महत्वपूर्ण हिस्सों में शामिल हैं और इंजन की क्षमता, सुरक्षा तथा विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हैं।
एचएएल के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक रवि के ने कहा कि यह समझौता कंपनी की तकनीकी दक्षता और वैश्विक गुणवत्ता मानकों पर दुनिया के भरोसे का प्रमाण है। इससे अंतरराष्ट्रीय नागरिक विमानन बाजार में एचएएल की मौजूदगी और मजबूत होगी।
सफ्रान एयरक्राफ्ट इंजन ने भी इस समझौते को लीप इंजन उत्पादन बढ़ाने और भारत में स्थानीय सप्लाई चेन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे भारत में भविष्य की एयरो-इंजन तकनीकों के विकास को भी नई गति मिलेगी और ‘मेक इन इंडिया’ तथा ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान को मजबूती मिलेगी।





