AOA Dispute: एल्डिको आमंत्रण सोसायटी की एओए से डिप्टी रजिस्ट्रार ने मांगा स्पष्टीकरण, कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
AOA Dispute: एल्डिको आमंत्रण सोसायटी की एओए से डिप्टी रजिस्ट्रार ने मांगा स्पष्टीकरण, कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
नोएडा। सेक्टर-119 स्थित एल्डिको आमंत्रण सोसायटी की अपार्टमेंट ऑनर्स एसोसिएशन (एओए) की कार्यप्रणाली एक बार फिर विवादों में आ गई है। डिप्टी रजिस्ट्रार ने एओए को नोटिस जारी कर कई निर्णयों और प्रशासनिक कार्यों पर स्पष्टीकरण मांगा है।
निवासियों का कहना है कि 15 अप्रैल 2026 को उप-पंजीयक द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया था कि वर्तमान एओए कोई भी नीतिगत निर्णय नहीं ले सकती। इसके बावजूद कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए, जिन पर अब जवाब मांगा गया है।
निवासियों के अनुसार पीवीवीएनएल द्वारा दो बार निर्देश जारी किए जाने के बावजूद एओए ने उनका पालन नहीं किया। आरोप है कि प्रीपेड बिजली मीटरों के माध्यम से मेंटेनेंस शुल्क की कटौती या वसूली नहीं किए जाने के निर्देश के बावजूद आवश्यक अनुपालन नहीं किया गया।
इसके अलावा बिना जनरल बॉडी मीटिंग (जीबीएम) या निवासियों की मंजूरी के नया बैंक खाता खोलने और सोसायटी की धनराशि उसमें स्थानांतरित करने पर भी सवाल उठाए गए हैं। साथ ही एसडीएम दादरी स्तर पर जांच लंबित होने के बावजूद पूंजीगत व्यय किए जाने पर भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।
एओए अध्यक्ष संदीप मित्तल ने कहा कि अभी तक उनके पास कोई आधिकारिक पत्र नहीं पहुंचा है। यदि नोटिस प्राप्त होता है तो एओए की ओर से नियमानुसार विस्तृत जवाब दिया जाएगा।



