Noida News: घर से लापता हुए तीन नाबालिग दोस्त हरिद्वार से सकुशल बरामद, गंगा स्नान करने पहुंचे थे

Noida News: घर से लापता हुए तीन नाबालिग दोस्त हरिद्वार से सकुशल बरामद, गंगा स्नान करने पहुंचे थे
ग्रेटर नोएडा के कुलेसरा गांव से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए तीन नाबालिग दोस्तों को ईकोटेक-3 थाना पुलिस ने हरिद्वार से सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्चों के सुरक्षित मिलने से परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
पुलिस के अनुसार, कुलेसरा निवासी 14 वर्षीय किशोर और उसके 13 वर्षीय दो दोस्त शनिवार शाम बिना किसी को बताए घर से निकल गए थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद रविवार को एक किशोर के पिता ने ईकोटेक-3 थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर बच्चों की तलाश शुरू कर दी।
तलाश के दौरान रविवार को एक बच्चे ने अपने परिवार को फोन कर बताया कि तीनों हरिद्वार में हैं। सूचना मिलते ही ईकोटेक-3 थाना पुलिस परिजनों के साथ हरिद्वार रवाना हुई और वहां से तीनों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में बच्चों ने बताया कि वे गंगा स्नान करने की इच्छा से बिना बताए हरिद्वार चले गए थे। हालांकि वहां पहुंचने के बाद उन्हें डर लगने लगा, जिसके बाद उन्होंने अपने परिवार से संपर्क किया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों बच्चों को उनके परिजनों के हवाले कर दिया।
पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें बिना बताए घर से बाहर न जाने के लिए जागरूक करें। वहीं, बच्चों के सुरक्षित लौटने पर परिवार ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।





