Uttar Pradesh : हापुड़ में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 20 क्षय रोगियों को वितरित किया गया पोषण आहार

Hapur News : हापुड़ में भारत सरकार द्वारा संचालित टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के निर्देशों पर रविवार को पिलखुवा नगर पालिका परिषद सभागार में टीबी रोगियों के लिए पोषाहार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद पिलखुवा अध्यक्ष विभु बंसल ने 20 क्षय रोगियों को पोषाहार किट वितरित कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विभु बंसल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार टीबी उन्मूलन के लिए विशेष प्रयास कर रही हैं। टीबी के उपचार में नियमित दवा के साथ-साथ पौष्टिक और प्रोटीन युक्त आहार की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि यदि रोगी समय पर जांच कराए, चिकित्सकीय सलाह के अनुसार दवा का सेवन करे और संतुलित आहार ले तो टीबी का पूर्ण उपचार संभव है। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से निक्षय मित्र बनकर टीबी रोगियों को पोषण और सामाजिक सहयोग प्रदान करने की अपील भी की।

कार्यक्रम में जनपद स्तरीय जिला पीपीएम कोऑर्डिनेटर सुशील चौधरी ने उपस्थित लोगों को टीबी रोग के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दो सप्ताह से अधिक समय तक लगातार खांसी रहना, वजन कम होना, लगातार बुखार आना, रात में अधिक पसीना आना और भूख कम लगना टीबी के प्रमुख लक्षण हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर व्यक्ति को तत्काल नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच करानी चाहिए।

जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राजेश सिंह ने बताया कि टीबी एक संक्रामक बीमारी अवश्य है, लेकिन यह पूर्णतः उपचार योग्य है। सरकार द्वारा सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में निशुल्क जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध है। इसके साथ ही भारत सरकार द्वारा प्रति माह एक हजार रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से मरीज के खाते में भी भेजी जाती है। इस अवसर पर सभासद पति सचिन पुंडीर और स्वास्थ्य विभाग से विजय कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img