Noida Accident: जयपुरिया चौराहे पर सड़क हादसे में घायल महिला की मौत, बेटी का इलाज जारी

0
1
Noida NCR News in Hindi

Noida Accident: जयपुरिया चौराहे पर सड़क हादसे में घायल महिला की मौत, बेटी का इलाज जारी

नोएडा के सेक्टर-58 थाना क्षेत्र में एक सप्ताह पहले हुए सड़क हादसे में घायल महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी अभी भी अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने मृतका के पति की शिकायत पर वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गाजियाबाद के नेहरूनगर निवासी नीरज कुमार अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी शिवानी अग्रवाल 13 जुलाई को अपनी बेटी अंशिका अग्रवाल के साथ किसी काम से नोएडा आई थीं। शाम करीब पांच बजे दोनों स्कूटी से वापस घर लौट रही थीं। इसी दौरान जयपुरिया चौराहे के पास गाजियाबाद नंबर के एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि मां-बेटी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। राहगीरों की मदद से दोनों को सेक्टर-62 स्थित फोर्टिस अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान 14 जुलाई को शिवानी अग्रवाल ने दम तोड़ दिया, जबकि उनकी बेटी अंशिका का इलाज अभी भी जारी है।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। अंतिम संस्कार के बाद मृतका के पति ने आरोपी चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। सेक्टर-58 थाना पुलिस का कहना है कि वाहन नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से जांच जारी है। आरोपी की पहचान होने के बाद उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।