Hapur News : हापुड़ में दशहरा पर्व को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंगलवार को जिले भर में धूमधाम से दशहरा मनाया जाएगा। शहर के दिल्ली रोड स्थित रामलीला मैदान में रावण, कुंभकरण और मेघनाद के विशाल पुतलों को खड़ा कर दिया गया है। हापुड़ में 65 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन बुधवार तड़के चार बजे किया जाएगा, जबकि पिलखुवा, गढ़ और ब्रजघाट में भी देर रात दहन होगा।
त्योहार पर बड़ी संख्या में भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। मंगलवार दोपहर बाद से ही रामलीला मैदान में लोगों का आना शुरू हो जाएगा। हापुड़ शहर के साथ आसपास के गांवों से भी हजारों लोग मेला देखने आते हैं। एएसपी महेश कुमार ने बताया कि मेले के आसपास करीब 50 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी, जिसमें सादी वर्दी में महिला पुलिसकर्मी भी शामिल रहेंगी। एंटी रोमियो स्क्वायड को भी सक्रिय रखा गया है और लोगों को पुतलों से सुरक्षित दूरी पर रखने के लिए बैरिकेडिंग की गई है।
यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए रूट डायवर्जन लागू किया गया है। जिला यातायात प्रभारी नरेश कुमार के अनुसार मंगलवार शाम चार बजे से भारी वाहनों और शाम छह बजे से गैर जरूरी हल्के वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। दिल्ली और गाजियाबाद से मेरठ जाने वाले वाहन निजामपुर तिराहा से सोना पेट्रोल पंप और ततारपुर चौराहा होते हुए टियाला फ्लाईओवर से जाएंगे। इसी तरह बुलंदशहर, गढ़मुक्तेश्वर और मेरठ की ओर से आने-जाने वाले वाहनों के लिए बाईपास रूट निर्धारित किया गया है।
पार्किंग के लिए तीन स्थान तय किए गए हैं। दिल्ली की ओर से आने वाले श्रद्धालु अपने वाहन एसएसवी कॉलेज के मैदान में, गढ़मुक्तेश्वर और बुलंदशहर की ओर से आने वाले नगर पालिका के मैदान में और दिल्ली रोड से आने वाले कुछ वाहन हापुड़ डिपो के सामने स्थित स्कूल परिसर में पार्क कर सकेंगे। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार दशमी तिथि 20 अक्टूबर को दोपहर 12 बजकर 50 मिनट से शुरू होगी और पूजन का शुभ मुहूर्त दोपहर 12 बजकर 50 मिनट से 3 बजकर 6 मिनट तक रहेगा।

