उत्तर प्रदेशराज्यराज्य

Bulandshahr: बुलंदशहर में 18 वर्षीय युवक की गला रेतकर हत्या, नहर किनारे हाथ-पांव बंधा मिला शव

Bulandshahr: बुलंदशहर में 18 वर्षीय युवक की गला रेतकर हत्या, नहर किनारे हाथ-पांव बंधा मिला शव

रिपोर्ट: अवनीश त्यागी

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में 18 वर्षीय युवक की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। खुर्जा देहात थाना क्षेत्र में नहर किनारे एक युवक का हाथ-पांव बंधा और खून से लथपथ शव मिलने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। युवक के गले पर धारदार हथियार से वार किए जाने के साथ उसके सिर पर भी गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे हत्या का मामला मानते हुए जांच तेज कर दी है। मामले के खुलासे के लिए स्वाट, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान खुर्जा देहात क्षेत्र निवासी 18 वर्षीय जान मोहम्मद के रूप में हुई है। रविवार को गंवा रोड स्थित नहर किनारे बजेड़ा बाबा बाग के पास उसका शव बरामद किया गया। शव एक गड्ढे में उल्टी अवस्था में पड़ा मिला, जबकि युवक के हाथ-पांव रस्सी से बंधे हुए थे। उसके गले और सिर पर धारदार हथियार से किए गए गहरे वार के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका और मजबूत हो गई है।

घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर एसपी देहात अंतरिक्ष जैन, सीओ खुर्जा तथा कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जिन्होंने मौके से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि जान मोहम्मद वेल्डिंग का काम करता था। इसके अलावा वह समय-समय पर अपने पिता दीन मोहम्मद का ऑटो (ई-रिक्शा) भी चलाता था। शनिवार सुबह वह घर से ऑटो लेकर निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिवार के लोगों ने उससे कई बार मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका फोन लगातार बंद मिला।

युवक के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद शनिवार रात ही पुलिस को उसके लापता होने की सूचना दे दी गई। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी थी और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की जा रही थी।

रविवार को जांच के दौरान पुलिस को गंवा रोड पर नहर किनारे बजेड़ा बाबा बाग के पास युवक का ऑटो खड़ा मिला। ऑटो मिलने के बाद पुलिस ने आसपास के खेतों और जंगलों में सघन तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान ऑटो से कुछ दूरी पर एक गड्ढे में जान मोहम्मद का शव बरामद हुआ। शव की स्थिति और शरीर पर मिले घावों से स्पष्ट संकेत मिले कि हत्या बेहद बेरहमी से की गई है।

इस दर्दनाक घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने घटना पर चिंता जताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

बुलंदशहर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि युवक के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच से हत्या के संबंध में महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि युवक के गले और सिर पर धारदार हथियार से वार किए गए हैं तथा हाथ-पांव बंधे होने के कारण प्रथम दृष्टया यह सुनियोजित हत्या का मामला प्रतीत होता है।

एसएसपी ने बताया कि परिजनों से पूछताछ के दौरान कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। मामले के शीघ्र खुलासे के लिए स्वाट (SWAT), सर्विलांस टीम और तीन थाना प्रभारियों समेत कुल चार विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button