Noida Crime: भाई पर चार बार हत्या के प्रयास का आरोप, शराब के नशे में मारपीट और धमकी देने का केस दर्ज
Noida Crime: भाई पर चार बार हत्या के प्रयास का आरोप, शराब के नशे में मारपीट और धमकी देने का केस दर्ज
नोएडा। नोएडा के फेज-2 थाना क्षेत्र स्थित एक आवासीय सोसाइटी में रहने वाले व्यक्ति ने अपने सगे भाई पर हत्या का प्रयास, मारपीट और लगातार धमकाने का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित का कहना है कि आरोपी भाई शराब का आदी है और वह कई बार उनकी जान लेने की कोशिश कर चुका है।
पुलिस को दी गई शिकायत में सेक्टर-93ए स्थित सुपरटेक एमराल्ड कोर्ट निवासी राकेश कुमार अग्रवाल ने बताया कि उनका बड़ा भाई अभिषेक अग्रवाल उनके साथ ही घर में रहता है। आरोप है कि वह आए दिन शराब पीकर घर में हंगामा करता है और परिवार के सदस्यों के साथ अभद्र व्यवहार करता है।
पीड़ित के अनुसार आरोपी अपने पिता से अवैध तरीके से धन की मांग करता है। जब उसकी मांग पूरी नहीं होती तो वह गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकियां देने लगता है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी अब तक चार बार उनकी हत्या का प्रयास कर चुका है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी उन्हें दुष्कर्म और सड़क दुर्घटना जैसे झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देता है। इतना ही नहीं, वह अपने दोस्तों को घर बुलाकर भी परिवार को डराने और धमकाने का प्रयास करता है, जिससे पूरा परिवार मानसिक तनाव में जी रहा है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी की कई हरकतों के वीडियो उनके पास मौजूद हैं, जिन्हें जांच के दौरान साक्ष्य के रूप में उपलब्ध कराया जाएगा। उनका कहना है कि आरोपी की गतिविधियों से उनके माता-पिता भी बेहद परेशान हैं।
पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
