MDMA Drugs: अंतरराज्यीय ड्रग्स तस्करी का भंडाफोड़, नाइजीरियाई नागरिक समेत तीन गिरफ्तार

MDMA Drugs: अंतरराज्यीय ड्रग्स तस्करी का भंडाफोड़, नाइजीरियाई नागरिक समेत तीन गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना बीटा-2 पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की संयुक्त टीम ने एक नाइजीरियाई नागरिक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 143 ग्राम एमडीएमए (MDMA) ड्रग्स, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, एक स्कूटी और 17,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 14 लाख रुपये है।

डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम ने बताया कि गोपनीय सूचना के आधार पर सेक्टर-चाई-4 स्थित जनता फ्लैट सर्विस रोड पर घेराबंदी कर कार्रवाई की गई। इस दौरान गाजियाबाद निवासी अरुण कसाना, ग्रेटर नोएडा निवासी अतुल सिंह और नाइजीरिया के लागोस निवासी चिडुबेम स्टेनली को गिरफ्तार किया गया। चिडुबेम स्टेनली वर्तमान में दिल्ली के उत्तम नगर में रह रहा था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि तीनों आरोपी लंबे समय से दिल्ली-एनसीआर, नोएडा और ग्रेटर नोएडा में एमडीएमए की तस्करी कर रहे थे। गिरोह कम कीमत पर मादक पदार्थ खरीदकर उसकी छोटी-छोटी पुड़ियां तैयार करता था और उन्हें विभिन्न आवासीय सोसाइटियों तथा अन्य स्थानों पर ऊंचे दामों में बेचता था। इस अवैध कारोबार से आरोपी मोटा मुनाफा कमा रहे थे।

जांच के दौरान यह भी पता चला कि गिरोह का मास्टरमाइंड नाइजीरियाई नागरिक चिडुबेम स्टेनली है। पुलिस के मुताबिक वह वर्ष 2025 में दिल्ली में एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। जमानत पर रिहा होने के बाद उसने दोबारा ड्रग्स तस्करी का नेटवर्क सक्रिय कर लिया और अपने साथियों के साथ मिलकर कारोबार शुरू कर दिया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 143 ग्राम एमडीएमए, ड्रग्स की तौल के लिए इस्तेमाल होने वाला इलेक्ट्रॉनिक तराजू, एक स्कूटी और 17,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 14 लाख रुपये आंकी गई है।

डीसीपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उन्हें मादक पदार्थ कहां से मिलता था, किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जाती थी और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। ड्रग्स सप्लाई चेन और गिरोह के बाकी सदस्यों की पहचान के लिए जांच लगातार जारी है।

 

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img