Uttar Pradesh : कांवड़ यात्रा और महाशिवरात्रि को लेकर पुलिस अधिकारियों ने रूटों का निरीक्षण, दिए जरूरी निर्देश

Bulandshahar (अवनीश त्यागी) : श्रावण कांवड़ यात्रा और महाशिवरात्रि पर्व की तैयारियों को लेकर गुरुवार को बुलंदशहर और हापुड़ के पुलिस अधिकारियों ने शिवभक्तों के गुजरने वाले मार्गों का निरीक्षण किया। बुलंदशहर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह, एसपी सिटी अभिषेक प्रताप अजेय और हापुड़ के पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने संयुक्त रूप से दोनों जिलों से गुजरने वाले प्रमुख कांवड़ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने गंगा एक्सप्रेस-वे सहित संवेदनशील रूटों पर यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने डायवर्जन प्वाइंट, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता पर चर्चा की। संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर सभी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटा जा सके।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकबुलंदशहर दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा में लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं। हमारी प्राथमिकता है कि यात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुरक्षित हो। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त फोर्स तैनात की जाएगी। रूट पर बैरिकेडिंग, प्रकाश और सीसीटीवी की व्यवस्था दुरुस्त कराई जा रही है। श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए 24 घंटे कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा।
हापुड़ के एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने कहा कि हापुड़ और बुलंदशहर की सीमा से बड़ी संख्या में कांवड़िए गुजरते हैं। दोनों जिलों की पुलिस में बेहतर तालमेल है। ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार कर लिया गया है। पार्किंग के लिए चिन्हित स्थानों पर व्यवस्था की जा रही है। आमजन से अपील है कि यात्रा के दौरान पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक प्रताप अजेय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।





