Hapur : जनपद हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत फैल गई है। एक ही रात में कई वारदात सामने आने से लोगों में नाराजगी दिखाई दी। मंगलवार को पबला रोड फाटक के पास स्थित एचआर इंटरनेशनल यूनिट में चोरों ने धावा बोलकर नकदी समेत हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया। वहीं गांव सिखेड़ा में घर के बाहर खड़े ट्रैक्टरों से बैटरी चोरी कर ली गई। इसके अलावा अर्जुन नगर में बंद पड़े मकान को भी चोरों ने निशाना बनाया।
पुलिस के अनुसार आर्य नगर निवासी हिमांशु राजा ने बताया कि उनकी एचआर इंटरनेशनल यूनिट में फोम और रुई से गद्दे व तकिए बनाने का काम होता है। सुबह फैक्टरी पहुंचने पर अंदर का सामान बिखरा पड़ा मिला। जांच करने पर 40 हजार 800 रुपये की नकदी, दो इनवर्टर, चार बैटरी, एक स्टेबलाइजर, मोटर, पॉलीथिन सीलर मशीन और कूलर गायब मिला।
उधर गांव सिखेड़ा निवासी नावेद आलम के घर के बाहर खड़े दो ट्रैक्टरों से भी चोर बैटरी निकाल ले गए। अर्जुन नगर में मंगतराम के बेटे बलराम के बंद मकान का ताला तोड़कर चोर जेवर समेट ले गए। पीड़ित बलराम के अनुसार परिवार किसी मामले में जेल गया हुआ है और मकान बंद पड़ा था। चोर मकान से बच्चों के हाथ के दो जोड़ी कड़े, दो बच्चों की तगड़ी, एक महिला की हाथ की अंगूठी, एक जोड़ी कानों के कुंडल और एक जोड़ी पाजेब चोरी कर ले गए।
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि तीनों मामलों में जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही घटनाओं का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।





