राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

Uttar Pradesh : यमुना प्राधिकरण ने 8 निवेशकों को सौंपा लेटर ऑफ इंटेंट, 3181 करोड़ का निवेश और 18 हजार से अधिक रोजगार के अवसर बनेंगे

Noida/Lucknow : यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने सोमवार को 8 औद्योगिक निवेशकों को लेटर ऑफ इंटेंट (LoI) सौंपे। इन परियोजनाओं से लगभग 3181.20 करोड़ रुपये का निवेश आएगा और करीब 18,126 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है।

YEIDA के सभा कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में निवेश करने वाले 8 निवेशकों को औद्योगिक भूमि आवंटन के लिए लेटर ऑफ इंटेंट प्रदान किए।

इस अवसर पर प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी एवं निवेश प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारी शैलेन्द्र कुमार भाटिया सहित संबंधित अधिकारी एवं निवेशक उपस्थित रहे।

ये परियोजनाएं ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, स्वास्थ्य उपकरण, खाद्य प्रसंस्करण, कॉस्मेटिक्स, पीसीबी निर्माण एवं स्टील फर्नीचर जैसे विविध क्षेत्रों में स्थापित होंगी, जिससे यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।

स्वीकृत निवेश प्रस्तावों में समवर्धन मदरसन इंटरनेशनल लिमिटेड को सेक्टर-8D में 50 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। कंपनी 1156 करोड़ रुपये का निवेश कर ऑटोमोटिव कंपोनेंट्स निर्माण इकाई लगाएगी, जिससे लगभग 8000 लोगों को रोजगार मिलेगा। बालर मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड 8 एकड़ भूमि पर 300 करोड़ रुपये का निवेश कर इंटीग्रेटेड स्मार्ट इलेक्ट्रिकल मैन्युफैक्चरिंग, अनुसंधान एवं निर्यातोन्मुख इकाई स्थापित करेगी और करीब 1500 लोगों को रोजगार देगी। त्रिवेणी अलमारी प्राइवेट लिमिटेड 10 एकड़ भूमि पर 375 करोड़ रुपये का निवेश कर स्टील अलमारी एवं स्टील फर्नीचर निर्माण इकाई लगाएगी, जिससे लगभग 458 रोजगार सृजित होंगे। अनोंदिता हेल्थकेयर 8 एकड़ भूमि पर 500 करोड़ रुपये का निवेश कर मेडिकल एवं हेल्थकेयर ग्लव्स निर्माण इकाई लगाएगी और करीब 750 लोगों को रोजगार मिलेगा। क्रिस्पी सिटी फूड्स प्राइवेट लिमिटेड 4 एकड़ भूमि पर 122 करोड़ रुपये का निवेश कर फूड प्रोसेसिंग एवं पैकेजिंग इकाई स्थापित करेगी, जिससे लगभग 4000 रोजगार सृजित होंगे। ए जी ऑर्गेनिका प्राइवेट लिमिटेड 3 एकड़ भूमि पर 259.90 करोड़ रुपये का निवेश कर परफ्यूम, कॉस्मेटिक्स एवं पर्सनल केयर उत्पाद निर्माण इकाई लगाएगी, जिससे लगभग 1118 लोगों को रोजगार मिलेगा। इनोवेक्स प्रोडक्ट्स एलएलपी 3 एकड़ भूमि पर 140 करोड़ रुपये का निवेश कर फूड प्रोसेसिंग एवं पैकेजिंग इकाई लगाएगी और करीब 2000 रोजगार देगी। अपार इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड 2.5 एकड़ भूमि पर 29.30 करोड़ रुपये का निवेश कर प्रिंटेड सर्किट बोर्ड और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स निर्माण इकाई लगाएगी, जिससे लगभग 300 लोगों को रोजगार मिलेगा।

मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि यमुना प्राधिकरण प्रदेश में निवेशकों के लिए पारदर्शी, त्वरित एवं उद्योग-अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इन परियोजनाओं से औद्योगिक विकास को गति मिलने के साथ-साथ बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन होगा तथा उत्तर प्रदेश को विनिर्माण एवं निवेश का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होगी।

Related Articles

Back to top button