Uttar Pradesh : हापुड़ में बिजली कटौती और खराब ट्रांसफार्मर से परेशान लोगों ने लगाया जाम

Hapur : भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती और खराब ट्रांसफार्मर से परेशान हापुड़ में निवासियों ने रविवार सुबह आठ बजे स्वर्ग आश्रम रोड पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। नगर के केशव नगर फूटी लाइन क्षेत्र के लोगों ने सभासद मोनू बजरंग के नेतृत्व में बिजली विभाग के खिलाफ चक्का जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने खराब ट्रांसफार्मर को तुरंत बदलने और नियमित बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि करीब तीन दिन पहले क्षेत्र का ट्रांसफार्मर खराब हो गया था। शिकायत के बावजूद विभाग ने नया ट्रांसफार्मर लगाने के बजाय पुराने को ही दोबारा स्थापित कर दिया। लोगों ने बताया कि ट्रांसफार्मर से कई जगहों पर तेल का रिसाव हो रहा है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। उनका कहना है कि बिजली विभाग स्थायी समाधान के बजाय अस्थायी व्यवस्था कर रहा है।

सभासद मोनू बजरंग ने बताया कि भीषण गर्मी में घंटों बिजली गुल रहने से पेयजल संकट गहरा गया है। इससे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को विशेष परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा।

सड़क जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली प्रभारी मनीष चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और सड़क से जाम हटवाया। इसके बाद बिजली निगम के अधिकारियों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जल्द ट्रांसफार्मर बदलने और नियमित विद्युत आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया।

अधिकारियों के आश्वासन के बाद करीब डेढ़ घंटे बाद लोगों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया और बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन करने को बाध्य होंगे। भीषण गर्मी के बीच क्षेत्र में बिजली संकट को लेकर लोगों में बिजली विभाग के प्रति गहरा आक्रोश बना हुआ है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img