Delhi Crime: व्यापारी से 9 लाख रुपये लूटने की कोशिश नाकाम, बदमाशों ने तीन राउंड फायरिंग कर फैलाई दहशत
Delhi Crime: व्यापारी से 9 लाख रुपये लूटने की कोशिश नाकाम, बदमाशों ने तीन राउंड फायरिंग कर फैलाई दहशत
रिपोर्ट: रवि डालमिया
दिल्ली के शाहदरा जिले के गीता कॉलोनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दिनदहाड़े लूट की कोशिश की सनसनीखेज वारदात सामने आई। बाइक सवार बदमाशों ने 9 लाख रुपये लेकर जा रहे एक व्यापारी को निशाना बनाया और रुपयों से भरा बैग छीनने का प्रयास किया। हालांकि व्यापारी के विरोध और मौके पर हुई अफरा-तफरी के कारण बदमाश अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सके।
वारदात विफल होने के बाद बदमाशों ने इलाके में दहशत फैलाने के लिए हवा में तीन राउंड फायरिंग कर दी और बाइक से फरार हो गए। अचानक गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, व्यापारी प्रियदर्शिनी विहार से करीब 9 लाख रुपये की नकदी लेकर चांदनी चौक जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने उनका पीछा कर उन्हें रोकने की कोशिश की। बदमाशों ने व्यापारी के पास मौजूद कैश से भरा बैग छीनने का प्रयास किया, लेकिन व्यापारी ने विरोध किया और शोर मचाने पर बदमाश बैग लेकर भाग नहीं पाए।
लूट में असफल होने के बाद आरोपी बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। उन्होंने हवा में तीन गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। गनीमत रही कि फायरिंग में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
सूचना मिलते ही गीता कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। इसके अलावा बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें जांच में जुटी हुई हैं।
पीड़ित व्यापारी ने पुलिस को बताया कि उसे आशंका है कि वारदात के पीछे किसी जानकार का हाथ हो सकता है। व्यापारी के अनुसार, बदमाशों को पहले से जानकारी थी कि वह बड़ी रकम लेकर चांदनी चौक जाने वाले हैं। पुलिस इस एंगल को भी ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस बदमाशों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय इनपुट और अन्य तकनीकी माध्यमों की मदद ले रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
Delhi Firing: करोल बाग में देर रात ताबड़तोड़ गोलियां, युवक गंभीर रूप से घायल





