Noida Crime: दोस्तों की धमकियों से परेशान एमबीए छात्रा ने किया आत्महत्या का प्रयास, तीन युवकों पर केस दर्ज

Noida Crime: दोस्तों की धमकियों से परेशान एमबीए छात्रा ने किया आत्महत्या का प्रयास, तीन युवकों पर केस दर्ज

नोएडा। नोएडा की एक कॉल सेंटर कर्मचारी और एमबीए अंतिम वर्ष की छात्रा द्वारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि कंपनी में दोस्त बने तीन युवकों द्वारा लगातार मानसिक प्रताड़ना, धमकियां और उत्पीड़न किए जाने से परेशान होकर युवती ने बरेली में रेलवे ट्रैक पर कूदकर अपनी जान देने की कोशिश की। गंभीर रूप से घायल छात्रा का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पीड़िता के पिता की शिकायत पर सेक्टर-58 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में बदायूं निवासी पीड़िता के पिता ने बताया कि उनकी बेटी बरेली के एक कॉलेज में एमबीए अंतिम वर्ष की छात्रा है और पिछले चार महीनों से नोएडा के सेक्टर-62 स्थित एक कॉल सेंटर में कार्यरत थी। इसी दौरान उसकी पहचान कंपनी में कार्यरत हाथरस निवासी आयुष शर्मा और उसके दो दोस्तों सौरभ उपाध्याय तथा अभिनव से हुई।

शिकायत के अनुसार, आयुष शर्मा और युवती के बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर बातचीत होती थी और दोनों एक-दूसरे से मिलते भी थे। आरोप है कि इसी दौरान तीनों युवकों ने युवती को अपने प्रभाव में लेने का प्रयास किया। पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि आयुष शर्मा ने युवती के साथ यौन शोषण का प्रयास किया, जबकि सौरभ उपाध्याय और अभिनव कथित तौर पर उसकी तस्वीरों से छेड़छाड़ कर उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने लगे।

परिजनों का आरोप है कि आरोपी कई बार युवती के कमरे पर पहुंचे और उसे धमकाने के साथ-साथ शारीरिक संबंध बनाने का दबाव भी बनाया। जब युवती ने पुलिस में शिकायत करने की बात कही, तो आरोपियों ने कथित रूप से उसे तेजाब से हमला करने और जान से मारने की धमकी दी।

लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक तनाव से परेशान होकर युवती ने अपनी पूरी आपबीती अपने माता-पिता को बताई। इसके बाद परिजन नोएडा पहुंचे और 26 मई को उसे अपने साथ बरेली ले गए। बताया गया कि 29 मई को युवती एमबीए की परीक्षा देने कॉलेज गई थी, लेकिन इस दौरान भी तीनों आरोपी लगातार उसके मोबाइल नंबर पर कॉल करते रहे।

परिजनों के अनुसार, लगातार मानसिक दबाव और भय के कारण युवती बेहद परेशान हो गई। बाद में वह भोजीपुरा रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां उसने एक सुसाइड नोट लिखा और रेलवे स्टेशन के ओवरब्रिज से नीचे कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना के बाद जीआरपी ने उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया और परिजनों को सूचना दी।

फिलहाल युवती का अस्पताल में उपचार चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की विवेचना पहले जीआरपी के पास थी, जिसे अब संबंधित थाना क्षेत्र में स्थानांतरित कर दिया गया है। सेक्टर-58 थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपों की सत्यता के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img